
हसन: विधानसभा चुनावों में विधायकों द्वारा क्रॉस-वोटिंग के आरोपों पर चल रही बहस के बीच हसन जिले के बेलूर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक एच.के. सुरेश ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के साथ कोई विश्वासघात नहीं किया. कोई दल-बदल नहीं किया. पार्टी के प्रति निष्ठा दिखाते हुए उन्होंने बेलूर के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध श्री चन्नाकेशवस्वामी मंदिर परिसर में जाकर कसम खाई.
विधायक ने मंदिर परिसर के सामने स्थित यज्ञ शिला (कारिकल्लू) को स्पर्श करके शपथ ली और तीन बार जोर से कहा, ‘यह शिला साक्षी है कि मैंने विधान परिषद चुनावों में किसी भी पक्ष का मतदान नहीं किया है. उन्होंने इस बात को तीन दोहराया और कहा कि जब तक मैं जीवित हूं, भाजपा के साथ विश्वासघात नहीं करूंगा. मैंने भारतीय जनता पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं किया है.
मंदिर में शपथ लेने के बाद बीजेपी विधायक विधायक सुरेश ने कहा, मेरे खिलाफ क्रॉस-वोटिंग का जो झूठा प्रचार किया जा रहा है, वह एक बड़ी साजिश है. देश के गौरवशाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद हमारे निर्वाचन क्षेत्र में आए थे और प्रचार किया था. अगर मैं ऐसे नेताओं और पार्टी के साथ अन्याय करता हूं, तो भगवान मुझे कभी माफ नहीं करेंगे. भगवान साक्षी हैं.
विधायक एच.के. सुरेश ने आगे कहा कि मुझे कोई खरीद नहीं सकता, न पैसे से, न हिंसा से. मुझे केवल जनता के प्यार से ही खरीदा जा सकता है. इतने सारे लोगों का प्यार ही मेरी रक्षा करता है. मैंने यह शपथ इसलिए ली है ताकि भगवान स्वयं मेरे खिलाफ रची गई इस साजिश के पीछे की सच्चाई सबके सामने उजागर कर दें. बता दें कि बीजेपी विधायक एच.के. सुरेश ने मंगलवार सुबह चन्नाकेसवस्वामी मंदिर का दर्शन किया. उन्होंने चन्नाकेसवस्वामी, सौम्यनायकी और रंगनायकी अम्मा के दर्शन किए और विशेष प्रार्थनाएं कीं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved