नई दिल्ली। ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई (Ayatollah Ali Khamenei) के अंतिम संस्कार में भारत से कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, ईरानी सरकार (Iranian government) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को भी अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है।
बताया जा रहा है कि अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े धार्मिक और राजकीय कार्यक्रम 4 जुलाई से शुरू होंगे। कई दिनों तक चलने वाले इन आयोजनों में दुनिया के अनेक देशों के प्रतिनिधियों और शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
राजनयिक जानकारों का मानना है कि अंतिम संस्कार में भारतीय प्रतिनिधित्व दोनों देशों के मजबूत और ऐतिहासिक संबंधों का संकेत है। पश्चिम एशिया में हालिया तनाव और संघर्ष के दौरान भी भारत ने स्पष्ट किया था कि वह ईरान के साथ अपने पारंपरिक मित्रतापूर्ण संबंधों को बनाए रखने के पक्ष में है।
गौरतलब है कि ईद-उल-अजहा के अवसर पर खामेनेई के उत्तराधिकारी मोजतबा खामेनेई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजी गई शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया था। उन्होंने अपने संदेश में कहा था कि भारत और ईरान के बीच आपसी सम्मान, विश्वास और साझा हितों पर आधारित ऐतिहासिक संबंध भविष्य में दोनों सरकारों के प्रयासों से और अधिक मजबूत तथा व्यापक होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved