
चेन्नई। तमिलनाडु (Tamil Nadu) की सत्ता में अभिनेता से नेता बने जोसेफ सी. विजय (Joseph C. Vijay) की तमिलगा वेत्री कड़गम (Tamizhaga Vettri Kazhagam- TVK) सरकार को आए अभी दो महीने भी नहीं बीते हैं कि राज्य में हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों ने उबाल ला दिया है। टीवीके सरकार के एक विधायक को पाला बदलने के लिए कथित तौर पर 35 से 50 करोड़ रुपये तक की पेशकश किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस राजनीतिक तूफान के बीच मुख्यमंत्री विजय ने बुधवार को चेन्नई में सरकार को समर्थन दे रहे अपने सहयोगी दलों की एक आपात बैठक बुलाई। वहीं, दूसरी तरफ विपक्षी पार्टी डीएमके (DMK) ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
35 करोड़ का ऑफर
यह पूरा विवाद टीवीके (TVK) के विधायक एन. इलैयाराजा की ओर से दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के बाद शुरू हुआ। विधायक का आरोप है कि उन्हें विधानसभा में एक प्रस्तावित प्रस्ताव के दौरान सरकार के खिलाफ वोट करने के लिए 35 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम का लालच दिया गया था। शिकायत के मुताबिक, थिरुनावुक्कारसु नाम के एक शख्स ने विधायक से संपर्क किया था। उसने खुद को इंडियन पॉलिटिकल डेमोक्रेटिक स्ट्रेटेजीज नामक एक राजनीतिक फर्म का प्रतिनिधि बताया। जब विधायक इलैयाराजा ने इस ऑफर को ठुकरा दिया, तो आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने विधायक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर थिरुनावुक्कारसु और उसके दो साथियों नरेश और त्यागराजन को गिरफ्तार कर लिया है।
टीवीके मंत्री का डीएमके पर सीधा हमला
मामला उस समय और ज्यादा गरमा गया जब टीवीके सरकार के मंत्री निर्मल कुमार ने इस पूरी साजिश के पीछे मुख्य विपक्षी दल डीएमके (DMK) का हाथ होने का सीधा आरोप मढ़ दिया। उन्होंने दावा किया कि डीएमके के वरिष्ठ नेता सेंथिल बालाजी पिछले 40 दिनों से टीवीके के कई विधायकों को तोड़ने की कोशिश में जुटे थे। मंत्री निर्मल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीखे आरोप लगाते हुए कहा, “सेंथिल बालाजी ने डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन और उपनेता उदयनिधि स्टालिन की पूरी सहमति और मर्जी से हमारे कई विधायकों से संपर्क साधा है। वे विधायकों को 10 करोड़ से लेकर 50 करोड़ रुपये तक का ऑफर दे रहे हैं। हमारा एक भी विधायक ऐसा नहीं बचा है जिससे इन्होंने संपर्क करने की कोशिश न की हो। स्टालिन, उदयनिधि और सेंथिल बालाजी को यह घटिया धंधा तुरंत बंद कर देना चाहिए।”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक नरेश लगातार सेंथिल बालाजी के भाई अशोक कुमार के संपर्क में था। दोनों के बीच फोन पर लगातार इस बात को लेकर चर्चा हो रही थी कि किस विधायक को कितनी रकम ऑफर करनी है।
डीएमके का पलटवार
इन गंभीर आरोपों पर विपक्षी डीएमके ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है। डीएमके ने टीवीके सरकार पर ही पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विजय खुद जनादेश को पलटने के लिए व्यवस्थित प्रयास कर रहे हैं। डीएमके ने तमिलनाडु के राज्यपाल और सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (DVAC) को शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। डीएमके का आरोप है कि सीएम विजय ने उनकी पार्टी के दो विधायकों को इस्तीफा देने के लिए अनुचित लालच दिया है। डीएमके ने हाल ही में एमडीएमके (MDMK) नेता वाइको के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने डीएमके से नाता तोड़कर टीवीके को समर्थन देने का एलान किया था। डीएमके का आरोप है कि विजय ने इस्तीफा देने वाले विधायकों को उपचुनाव का पूरा खर्च उठाने का वादा किया है।
अल्पमत सरकार की स्थिरता पर मंथन
इस सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री विजय ने सत्ता संभालने के बाद पहली बार अपने गठबंधन सहयोगियों कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और एमडीएमके के साथ-साथ बाहर से समर्थन दे रहे वामपंथी दलों सीपीआई और सीपीआई-एम के नेताओं के साथ बड़ी बैठक की।
गौरतलब है कि इसी साल 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन वह बहुमत के जादुई आंकड़े 118 से 10 सीटें दूर रह गई थी। कांग्रेस (5 विधायक), वीसीके (2) और आईयूएमएल (2) सरकार में शामिल हैं, जबकि वामपंथी दल बाहर से समर्थन दे रहे हैं। बैठक का मुख्य एजेंडा सरकार की स्थिरता सुनिश्चित करना और 5 साल का कार्यकाल पूरा करने की रणनीति बनाना था।
एआईएडीएमके में भी खलबली
इस राजनीतिक उठापटक का असर दूसरी बड़ी विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके (AIADMK) पर भी पड़ा है। पार्टी ने अपनी वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एस. वलारमथी को संगठनात्मक सचिव के पद से हटाते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वलारमथी समेत एआईएडीएमके के कई पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक जल्द ही पाला बदलकर मुख्यमंत्री विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved