
जबलपुर। पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संजय गांधी वार्ड का रजाचौक हमेशा सुर्खियों में रहा है। कभी जाम, कभी जलप्लावन तो कभी नाले का पानी सड़कों पर बहने के कारण बदनाम है। इस बदनसीब चौराहे पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से कुछ समस्याएं जरूर हल करने की कोशिश की। इन्ही कोशिशों के कारण रजा चौक से मोहरिया तक कवर्ड नाले एवं पुलिया का निर्माण कार्य जारी है।
लेकिन नाले के निर्माण कार्य मजाक बनकर रह गया है। नाला को कहां कवर्ड करना है और कहां अनकवर्ड रखना है, ये क्षेत्रीय पार्षद और ठेकेदार की मर्जी की बात है। जहां नाला को कवर्ड करना बहुत जरूरी है वो हिस्सा छोड़ दिए जाने से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। जिसके कारण अब नाला निर्माण को लेकर शिकायतों का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रजा चौक स्तिथ माहिम चौपाटी के सामने जीरो नंबर रोड़ है जो 20 फीट की है, वहां पर नाला को कवर्ड नहीं किया गया है और उस जगह के आजू और बाजू के नाले को सेंटिंग लगाकर कवर्ड करके बना दिया गया है। ऐसा प्रतीत है कि जानबूझकर नाली को कवर्ड नहीं किया जा रहा है, जिससे वहां के वैकल्पिक मार्ग पर आवागमन न हो सके। रजा चौक सालों से जाम की चपेट में है और कोई वैकल्पिक मार्ग भी नहीं है। उस 20 फीट के नाले को कवर्ड करने एवं पुलिया निर्माण होने से हजारों स्थानीय राहगीरों को ज़ाम से होने वाली परेशानी से मुक्ति मिलेगी। ठेकेदार का कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के कहने पर उस 20 फीट के नाले को कवर्ड नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में दखल देकर समस्याओं के समाधान का आग्रह किया है।