
जयपुर. राजधानी जयपुर (Jaipur) के श्याम नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह 200 फीट बाइपास पर एक भीषण सड़क हादसा (Horrific road accident) हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रॉला (Trailer) ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बच्चे के लापता होने की भी सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
डिवाइडर की रेलिंग तोड़कर लोगों पर चढ़ा ट्रोला
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार ट्रोला अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पहुंचा और वहां खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि तीन बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तीन बच्चों की मौत, एक बच्चा लापता
ट्रैफिक कांस्टेबल मुन्नेलाल मीना ने बताया कि ट्रॉला की टक्कर के बाद तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्चे का अब तक पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
माता-पिता गंभीर घायल, दोनों के पैर टूटे
हादसे में बच्चों के माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैर टूट गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद 200 फीट बाइपास पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रोला तेज रफ्तार में था। हालांकि चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved