
सिद्दिपेट: अक्सर देखा जाता है कि प्यार में धोखा मिलने या प्रेमिका के दूर जाने पर लोग हिंसक कदम उठा लेते हैं, लेकिन तेलंगाना में एक प्रेमी ने शादी तोड़ने के लिए बिल्कुल अलग और चौंकाने वाला तरीका अपनाया. अपनी सात साल पुरानी प्रेमिका को किसी और की दुल्हन बनते देख वह इस कदर आगबबूला हुआ कि उसने सीधे होने वाले दूल्हे के गांव का रुख किया. वहां उसने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बजाय, पूरी रात जागकर गांव की दीवारों को अपनी और प्रेमिका की निजी तस्वीरों के पोस्टरों से पाट दिया. सुबह होते ही इस नजारे को देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
मामला सिद्दिपेट और राजन्ना सिरसिल्ला जिले से जुड़ा हुआ है. सिद्दिपेट जिले के रहने वाले एक युवक और युवती के बीच पिछले सात सालों से गहरा प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खा चुके थे. युवती के परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. उन्होंने उसकी मर्जी के खिलाफ जाकर राजन्ना सिरसिल्ला जिले के तंगल्लापल्ली निवासी एक दूसरे युवक से शादी तय कर दी और विवाह का मुहूर्त भी निकलवा लिया.
पीड़ित प्रेमी का आरोप है कि युवती ने अपने परिवार को उनके सात साल पुराने प्यार के बारे में सबकुछ बता दिया था, फिर भी महज लालच और दहेज के चक्कर में उसे इस जबरन शादी के दलदल में धकेला जा रहा है.
अपने प्यार को किसी भी कीमत पर बचाने और इस शादी को रुकवाने के इरादे से प्रेमी ने एक सोची-समझी साजिश रची. उसने अपनी और प्रेमिका की पुरानी तस्वीरों को मिलाकर बड़े-बड़े पोस्टर छपवाए. इन पोस्टरों पर उसने न सिर्फ अपनी और प्रेमिका की तस्वीरें लगाईं, बल्कि होने वाले दूल्हे का नाम, उसके पिता का नाम, मोबाइल नंबर और घर का पूरा पता भी साफ-साफ प्रिंट करवा दिया. इसके बाद वह रात के अंधेरे में कार से दूल्हे के गांव तंगल्लापल्ली पहुंचा और पूरे गांव की मुख्य दीवारों पर इन पोस्टरों को फेविकोल से चिपका दिया.
अगली सुबह जब ग्रामीण सोकर उठे, तो दीवारों पर युवक-युवती के प्रेम प्रसंग के पोस्टर देखकर दंग रह गए. देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यह पूरे जिले में ज्वलंत मुद्दा बन गया. गांव में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि आरोपी युवक देर रात कार से आया था और खुद अपने हाथों से ये पोस्टर लगा रहा था.
इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद स्थानीय पुलिस भी हरकत में आ गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे घटना पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल, इस मामले में कोई आधिकारिक FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन यदि दूल्हे के परिवार या युवती के परिजनों की तरफ से इस मानहानि और धमकी को लेकर कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो पुलिस तुरंत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved