
रांची । झारखंड (Jharkhand) में लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र के रोचो महुआटोली में संचालित प्राइवेट स्कूल के होस्टल (Hostel) में जहरीले करैत (poisonous krait snake) के डंसने से 13 साल की वर्षा उरांव नामक छात्रा (Student) की मौत हो गयी. जबकि तीन अन्य छात्राएं गंभीर हैं. मंगलवार रात सभी छात्राएं भोजन करने के बाद हास्टल के कमरों में सो रही थीं. रात करीब 11 बजे एक करैत छात्राओं के कमरे में घुस गया और सबसे पहले उसने सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नावाटोली निवासी 13 साल की वर्षा को काट लिया.
सांप ने काटा को वर्षा ने जागकर मचाया हल्ला
वर्षा के शोर मचाने पर अन्य छात्राएं जाग गईं, लेकिन तबतक सांप ने अनिषा उरांव, मनीषा कुमारी और फुलमनिया उरांव नामक तीन अन्य छात्राओं को भी काट लिया था. एक छात्रा को गंभीर हालत में रांची रिम्स रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य छात्राओं का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है.
अस्पताल में वर्षा की मौत, 3 लड़कियों का हालत गंभीर
सर्पदंश से पीड़ित छात्राओं को देर रात शिक्षक लोहरदगा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया. गंभीर फुलमनिया उरांव को रिम्स रेफर किया गया है.कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. मृत छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है.मृत छात्रा वर्षा उरांव के पिता प्रणीम उरांव ने लोहरदगा सदर थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है.
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय रोचो महुआटोली में पढ़ाई करती थी. रात करीब 1:30 बजे प्रिंसिपल ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी को सांप ने काट लिया है और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved