
ऑकलैंड । न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन (New Zealand Prime Minister Christopher Luxon) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एयरपोर्ट पर गले लगाकर स्वागत किया (Welcomed Prime Minister Narendra Modi at airport with Hug) । इस दौरान न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी सहित न्यूजीलैंड के कई अधिकारी मौजूद थे।
पीएम लक्सन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत का वीडियो साझा कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड में आपका स्वागत है।” वहीं न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके अलावा, पीएम मोदी ने भी एक्स पर गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभार जताया।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “थोड़ी देर पहले ऑकलैंड पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का शुक्रिया। यह दौरा ऐतिहासिक है, चार दशकों में न्यूजीलैंड का यह पहला प्रधानमंत्री दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती पर समग्र चर्चा करने का इंतजार कर रहा हूं। मैं कल (शनिवार) ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा।”
प्रधानमंत्री मोदी के न्यूजीलैंड पहुंचने से पहले वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि कैसे वह उनका स्वागत करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भारतीय समुदाय के सदस्यों ने इस दौरे को एक अहम पड़ाव बताया और कहा कि यह 40 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड का पहला दौरा है। प्रधानमंत्री के स्वागत में प्रस्तुति दे रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों ने कहा कि वंदे मातरम की 150वीं सालगिरह पर हमारा समूह उनके लिए परफॉर्म करने और इस मौके को यादगार बनाने को लेकर बहुत उत्साहित है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved