
जबलपुर। कैंट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था की समस्याओं को लेकर केंट विधायक अशोक रोहाणी की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम व छावनी परिषद अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, यातायात डीएसपी एवं संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में विधायक ने भारत माता चौक से पेंटीनाका तक स्कूल समय में लगने वाले जाम और ऑटो-बस चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने वाईएमसीए से एकता मार्केट तक बढ़ते एक्सीडेंटल पॉइंट्स को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए वहां डिवाइडर पर स्टॉपर लगाकर यातायात को व्यवस्थित करने का सुझाव दिया। साथ ही, रांझी से गोकलपुर तक अमृत 2.0 योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर ट्रैफिक डायवर्जन करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक ने व्हीकल मोड़ रांझी के आगे स्कूल-कॉलेज के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े को लेकर पुलिस प्रशासन को भी आवश्यक निर्देश दिये। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को स्कूल परिसर के आसपास कैमरे लगाने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं के साथ छेडख़ानी या सार्वजनिक स्थानों पर अवांछित गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में सदर मुख्य मार्ग, शोभापुर ब्रिज के सामने सड़क पर बैठकर शराब पीने वालों, सेंट जोसेफ स्कूल के बाहर अवैध पार्किंग और स्कूल के आसपास पान-गुटके के ठेलों को हटाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक ने यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए अपनी विधायक निधि से आवश्यक बैरिकेडिंग उपलब्ध कराने का पूर्ण आश्वासन दिया। उन्होंने गोकलपुर से जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज तक सड़क किनारे लगी मटन-चिकन की दुकानों को हटाने के लिए नगर निगम को निर्देशित किया और तेज साइलेंसर वाले वाहनों पर विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर एक्सीडेंट की आशंका है, वहां तत्काल सुधार किया जाए और आवश्यकतानुसार ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में बाधा डालने वाले व्यक्तियों पर भी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, स्कूलों के सामने पालकों द्वारा अव्यवस्थित वाहनों की पार्किंग व्यवस्था ठीक करें, जरूरत पडऩे पर स्कूल वॉलिंटियर्स की मदद लें। उन्होंने सेंट अलॉयसिस कॉलेज की पार्किंग सड़क तक होने पर कॉलेज प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved