
हैदराबाद। तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। युवक अपने घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट भी मिला। इस नोट में उसने अपनी मौत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार बताया। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल नोट की सत्यता की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा दिखाई दे रहा है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान वंशी के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था। पुलिस के अनुसार, वह राजन्ना सिरसिला जिले के राचर्ला गोल्लापल्ली गांव का रहने वाला था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुधवार शाम उसकी अपनी मां से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने अपने एक दोस्त के साथ शराब पी। गुरुवार सुबह वह अपने घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved