
डेस्क: भारतीय स्टार्टअप सिन्कसोल (SynqSol) ने भारत में अपना एआई आधारित डिसीजन इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जो यूजर के व्यवहार, सोचने के तरीके और दूसरों के साथ उसकी अनुकूलता का विश्लेषण करता है. कंपनी का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म आपको करियर, रिलेशनशिप, पढ़ाई या जीवन से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेने में मदद कर सकता है. यह प्लेटफॉर्म साइकोमेट्रिक असेसमेंट, साइकोलॉजिस्ट की समीक्षा और एआई एनालिसिस के आधार पर सुझाव देता है. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि यह मेडिकल या मानसिक स्वास्थ्य सलाह का विकल्प नहीं है.
सिन्कसोल का कहना है कि उसका प्लेटफॉर्म सिन्क ह्यूमन ऑपरेटिंग सिस्टम यानी एचओएस 1.0 पर आधारित है. इसमें यूजर को व्यवहार और मनोवैज्ञानिक फ्रेमवर्क पर तैयार किए गए साइकोमेट्रिक असेसमेंट पूरे करने होते हैं. इसके बाद सिस्टम निर्णय लेने की आदत, तनाव, व्यवहार और दूसरों के साथ अनुकूलता से जुड़ी रिपोर्ट तैयार करता है. कंपनी के मुताबिक, इन रिपोर्ट और सुझावों की समीक्षा साइकोलॉजिस्ट भी करते हैं. यूजर समय-समय पर दोबारा असेसमेंट देकर अपने व्यवहार में आए बदलाव को भी देख सकता है.
यह प्लेटफॉर्म सिर्फ आम यूजर के लिए नहीं, बल्कि विश्वविद्यालयों, कंपनियों और दूसरे संस्थानों के लिए भी तैयार किया गया है. कंपनी का कहना है कि इसका इस्तेमाल भर्ती प्रक्रिया, कर्मचारियों की भागीदारी, लीडरशिप डेवलपमेंट, टीम प्लानिंग और छात्रों के तनाव का आकलन करने में भी किया जा सकता है. इसके अलावा इसमें दो लोगों या समूह की अनुकूलता रिपोर्ट, छात्र और कर्मचारी वेलबीइंग टूल, सेल्फ हेल्प सामग्री और सिन्कसेशंस के जरिए काउंसलिंग सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. कंपनी ने यह भी कहा कि इसके असेसमेंट भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं.
सिन्कसोल के संस्थापक वेंकट राव ने कहा कि आज लोगों के पास पहले से ज्यादा जानकारी है, लेकिन फिर भी कई लोग खुद को लेकर असमंजस और निर्णय लेने की थकान का सामना करते हैं. उनका कहना है कि कंपनी का उद्देश्य लोगों को बड़े फैसले लेने से पहले खुद को बेहतर तरीके से समझने में मदद करना है. सिन्कसोल का यह प्लेटफॉर्म फिलहाल भारत में गूगल प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर पर उपलब्ध है. कंपनी आगे चलकर इसका वेब वर्जन भी लाने और संस्थानों के लिए अपनी सेवाओं का विस्तार करने की योजना बना रही है. साथ ही कंपनी ने कहा कि उसे स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम के तहत उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग से मान्यता भी मिली हुई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved