
डेस्क। दिल्ली के जंतर-मंतर समेत देश के अलग-अलग शहरों में पेपर लीक के मुद्दे पर जारी प्रदर्शन के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन्होंने युवाओं का शोषण किया, छात्रों के सामने अंधकारमय जीवन दिया था, पूरी पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, आज वो कांग्रेस और समाजवादी पार्टी किस तरह घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी कैबिनेट की तरफ से मंजूर किए गए Anti-Cheating Law की तारीफ की। सीएम योगी ने कहा कि हम आभारी हैं प्रधानमंत्री मोदी के, जिन्होंने छात्रों के भविष्य को देखते हुए पिछले 3 दिनों के अंदर बड़े निर्णय लिए कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया को 10 साल तक की सजा होगी और 10 करोड़ तक का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
सीएम योगी ने आगे कहा, ”नौजवान की नौकरी पर सैफई सिंडिकेट डकैती डालता था, एक नौकरी निकलती थी तो उस के लिए चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली करने निकल जाती थी। 2012 से 2017 के बीच जितनी भर्तियां निकलीं सब विवादित निकलीं। कहीं भी मेरिट का ख्याल नहीं रखा गया और कहीं योग्य लोगों को नौकरी नहीं मिली।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि 2017 के बाद जो परिवर्तन हुआ वह आपके सामने है। अकेले यूपी में हमने पिछले 9 वर्षों में 9 लाख से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा के एजेंडे में कभी विकास नहीं रहा। इसीलिए वे कहीं आगे नहीं बढ़ पाते। वे सब बेरोजगारों की तरह घूम रहे हैं क्योंकि उनके धंधे जैसे कॉन्ट्रैक्ट, लीज और जमीन पर अवैध कब्जा सब ठप हो गए हैं। इसीलिए सपा निराशा और मायूसी में डूबी हुई है। उनके लिए कोई जगह नहीं बची है। पहले वे किसी भी खाली जमीन या प्लॉट पर कब्जा कर लेते थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved