तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) की कथित खराब तबीयत और उनकी मौत की अटकलों के बीच तेहरान से एक अहम खबर सामने आई है। ईरानी सरकारी मीडिया (Iranian state media) और मोजतबा खामेनेई के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के मुताबिक, उन्होंने राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ एक आपात बैठक की है। इस घटनाक्रम को उनकी सेहत को लेकर चल रही अटकलों के बीच ईरान की ओर से बड़ा संकेत माना जा रहा है।
इससे पहले इजरायली मीडिया में मोजतबा खामेनेई की मौत या उनकी हालत बेहद गंभीर होने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि ईरान इन दावों को खारिज करने की कोशिश कर रहा है। राष्ट्रपति पेजेशकियन के साथ बैठक की जानकारी सामने आने के बाद इन अटकलों पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई और मसूद पेजेशकियन की बैठक में अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमलों से निपटने के लिए ईरानी सेना की स्थिति और आगे की रणनीति की समीक्षा की गई।
बैठक में युद्ध के कारण बिगड़ती ईरानी अर्थव्यवस्था पर भी चर्चा हुई। खास तौर पर आम लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने, खाद्य पदार्थों की उपलब्धता बनाए रखने और लोगों की रोजमर्रा की आजीविका को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।
ऐसे समय में जब मोजतबा की सार्वजनिक मौजूदगी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, राष्ट्रपति के साथ उनकी बैठक की खबर ईरान के सत्ता तंत्र के लिए अहम मानी जा रही है।
मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने की वजह से उनकी सेहत को लेकर लंबे समय से अटकलें चल रही हैं। दावा किया गया है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले में उनके पिता और ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ने सुप्रीम लीडर की जिम्मेदारी संभाली।
हालांकि पद संभालने के बाद से वे सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। उन्होंने अलग-अलग मौकों पर लिखित बयान जारी किए हैं, लेकिन उनका कोई सार्वजनिक कार्यक्रम सामने नहीं आया। यहां तक कि अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी उनके शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई।
मोजतबा के लगातार पर्दे के पीछे रहने के कारण उनकी सेहत को लेकर कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं। एक दावा यह भी रहा कि जिस हमले में अली खामेनेई की मौत हुई, उसमें मोजतबा भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इसके बाद सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्टों में उनके चेहरे के गंभीर रूप से झुलसने और प्लास्टिक सर्जरी कराने जैसी बातें कही गईं। कुछ दावों में यहां तक कहा गया कि उनका एक पैर काटना पड़ा और उन्हें कृत्रिम पैर लगाया गया।
हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बीते सप्ताह इजरायली मीडिया ने दावा किया कि मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद नाजुक है या उनकी मौत हो चुकी है। इसके बाद ईरानी पक्ष की ओर से मोजतबा की एक तस्वीर तेजी से प्रसारित हुई, जिसमें उन्हें स्वस्थ दिखाने की कोशिश की गई।
अब राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ उनकी कथित बैठक की खबर सामने आई है। इससे ईरान की ओर से उन खबरों का जवाब देने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है, जिनमें मोजतबा की मौत या गंभीर बीमारी के दावे किए गए थे।
मोजतबा खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बीच संबंधों को लेकर भी इससे पहले तरह-तरह की अटकलें लगती रही हैं। ऐसे में दोनों की बैठक की खबर राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है।
फिलहाल ईरान में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मोजतबा खामेनेई की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति क्या है। पेजेशकियन के साथ बैठक की खबर उनके सक्रिय होने का संकेत जरूर देती है, लेकिन उनकी सार्वजनिक मौजूदगी और स्वतंत्र रूप से सत्यापित तस्वीर या वीडियो सामने नहीं आने तक उनकी सेहत को लेकर उठ रहे सवाल पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved