img-fluid

Nvidia की कमान फिर संभालेंगे जेनसन हुआंग? सिलिकॉन वैली में बना वॉर रूम, व्हाइट हाउस तक पहुंची वापसी की कोशिश

November 16, 2026

नई दिल्ली । दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनियों (Major chip manufacturing companies)में शामिल Nvidia में नेतृत्व को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। कंपनी के पूर्व CEO जेनसन हुआंग (Jensen Huang)के इस्तीफे के कुछ ही दिनों बाद उनकी वापसी की चर्चाओं ने टेक जगत(Tech World) में नई बहस छेड़ दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिलिकॉन वैली के कई बड़े कारोबारी निवेशक और टेक्नोलॉजी क्षेत्र के दिग्गज चाहते हैं कि हुआंग दोबारा कंपनी की कमान संभालें। इस कोशिश में दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपतियों में शामिल एलन मस्क और एपिक गेम्स के CEO टिम स्वीनी भी समर्थन देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हुआंग की वापसी के लिए Nvidia के बोर्ड पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है। यहां तक कि इस मुहिम को अमेरिकी व्हाइट हाउस का समर्थन दिलाने की कोशिश भी की जा रही है।

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार जेनसन हुआंग ने अपने कुछ करीबी सहयोगियों के साथ Nvidia में दोबारा वापसी की संभावना पर चर्चा की है। उनके एक सहयोगी के हवाले से बताया गया है कि सिलिकॉन वैली के कुछ प्रभावशाली कारोबारी और अधिकारी मिलकर एक वॉर रूम तैयार कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य कंपनी के बोर्ड को हुआंग की वापसी के लिए राजी करना है। इस अभियान को खुद हुआंग का समर्थन मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि अभी तक Nvidia या जेनसन हुआंग की ओर से इन खबरों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हुआंग की वापसी की मांग करने वालों में कई बड़े नाम शामिल हैं। टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क तथा एपिक गेम्स के CEO टिम स्वीनी ने भी उन्हें दोबारा Nvidia की कमान सौंपने की अपील का समर्थन किया है। इसके अलावा अल्टीमीटर कैपिटल के संस्थापक ब्रैड गेर्स्टनर और एट्राइड्स मैनेजमेंट के CEO गेविन बेकर ने कंपनी के बोर्ड को खुला पत्र लिखकर नेतृत्व से जुड़े सभी विकल्पों पर विचार करने की मांग की है। निवेशकों का मानना है कि हुआंग के नेतृत्व में Nvidia ने तकनीकी दुनिया में असाधारण सफलता हासिल की है। ऐसे में इतने बड़े बदलाव के फैसले में जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए।

दरअसल जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर को Nvidia के CEO अध्यक्ष और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया था। वह करीब 33 वर्षों तक कंपनी का नेतृत्व कर चुके थे। उनके जाने के बाद कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई। Nvidia के बोर्ड ने नए स्थायी CEO की तलाश शुरू करने की बात कही है। कंपनी की ओर से आंतरिक और बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार किए जाने की संभावना जताई गई है।

हुआंग के इस्तीफे के पीछे निजी संबंधों को लेकर सामने आई कुछ विवादित रिपोर्ट्स को भी वजह बताया जा रहा है। इन रिपोर्ट्स में एक महिला के साथ कथित संबंधों का जिक्र किया गया है जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह जताया गया है। इसके अलावा अन्य निजी संबंधों को लेकर भी कई दावे सामने आए हैं। इन खुलासों के बाद कंपनी के कामकाज और चीन को AI चिप्स की बिक्री से जुड़े नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे। बताया गया है कि Nvidia का बोर्ड पूरे मामले की स्वतंत्र जांच करा रहा है। हालांकि इन आरोपों और दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।


  • इस बीच अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की राय ने हुआंग की वापसी की राह को और मुश्किल बना दिया है। उन्होंने Nvidia में नेतृत्व परिवर्तन की वकालत करते हुए कंपनी के बाहर से किसी नए व्यक्ति को CEO बनाने की सलाह दी है। इससे वापसी के समर्थकों और विरोधियों के बीच टकराव बढ़ सकता है। इससे पहले ब्रिटिश चिप कंपनी Arm के CEO रेने हास का नाम भी संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर चर्चा में आया था। फिलहाल Nvidia के सामने सबसे बड़ी चुनौती नए नेतृत्व का चयन करना है। अब देखना होगा कि एलन मस्क समेत दिग्गजों की मुहिम सफल होती है या कंपनी किसी नए चेहरे को अपनी कमान सौंपती है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved