
भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करीब 8 महीने बाद अपनी टीम का ऐलान करने जा रहे हैं। जिसमें युवा, महिला समेत मप्र भाजपा के नेताओं को खासी तवज्जो मिल सकती है। मप्र के अजा और अजजा नेताओं को भी प्रमुखता से जगह मिलने की संभावना है। टीम नबीन का ऐलान इसी हफ्ते के भीतर होने की संभावना है।
इसी के साथ मप्र में मोहन मंत्रिमंडल विस्तार एवं फेबरदल की अटकलें शुरू हो गई हैं। भाजपा संगठन के सूत्रों से खबर है कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषण के बाद मप्र में मंत्रिमंडल विस्तार की पूरी संभावना है। मप्र में मंत्रिमंडल विस्तार की दो महीने पहले ही तैयारी हो चुकी थी, लेकिन अचानक दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के चलते यह फैसला टल गया था। अब चूंकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कभी भी अपनी टीम का ऐलान कर सकते हैं। जिसमें मप्र के नेताओं को भी जगह मिलने की संभावना है। इसके साथ ही मप्र भाजपा में भी कुछ अहम बदलाव होना है। मुख्यमंत्री डॉ मेाहन यादव भी मंत्रिमंडल विस्तार कर सकते हैं। यह फैसला अगले 15 दिन के भीतर होने की संभावना है।
वीडी शर्मा को मिलेगा दिल्ली में बड़ा दायित्व
मप्र भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा को दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। शर्मा को केंद्रीय मंत्री भी बनाया जा सकता है। उनका नाम टीम नबीन में शामिल होने वाले दावेदारों में भी प्रमुखता से शामिल है। शर्मा ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की है।
आधा दर्जन मंत्री हो सकते हैं प्रभावित
मोहन मंत्री विस्तार एवं फेरबदल में करीब आधा दर्जन से ज्यादा मंत्री प्रभावित हो सकते हैं। कुछ मंत्रियों को बाहर किया जा सकता है। जबकि ज्यादातर मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे। नए मंत्रियों में भोपाल से रामेश्वर शर्मा का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। हालांकि नाम को दिल्ली से हरी झंडी नहीं मिली है। इसी तरह अन्य मंत्रियों के नाम पर भी फैसला होना शेष है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved