
मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में खाद्य सुरक्षा (Food Security) को लेकर FDA ने बड़ी कार्रवाई की है. 19 और 20 अगस्त को चले विशेष जांच अभियान में दूध-डेयरी उत्पादों, प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला समेत दूसरे खाद्य पदार्थों की जांच की गई. छत्रपति संभाजीनगर के एक होटल की रसोई में सड़ा पनीर, काला पड़ा तेल, खुले में रखा खाना समेत कई गड़बड़ियां मिलीं. इसके अलावा, मुंबई में McDonald’s समेत 7 जगहों के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए गए, जबकि गुटखा-पान मसाला के मामले में 6 लोग गिरफ्तार हुए
छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक इलाके में गायत्री मेवाड प्राइवेट लिमिटेड होटल की भी जांच की गई. ‘सेफ फूड सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत FDA की टीम अचानक यहां पहुंची थी. रसोई की जांच में खराब पनीर, काला पड़ा तेल, खुले में रखा खाना समेत सफाई से जुड़ी कई खामियां मिलीं. इसके बाद होटल का FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया.
पनीर से आ रही थी तेज बदबू
जांच टीम को सब्जी बनाने के लिए रखा पनीर खराब मिला. उसमें तेज बदबू आ रही थी. पनीर पर उसकी वैधता या इस्तेमाल की तारीख भी दर्ज नहीं थी. पहले से तैयार ग्रेवी समेत दूसरे खाद्य पदार्थों पर भी यह जानकारी नहीं थी कि उन्हें कब बनाया गया और कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा, खाने को सही तापमान पर रखने की व्यवस्था में भी लापरवाही मिली.
टॉयलेट के पास कट रही थीं सब्जियां
होटल के भीतर साफ-सफाई के नाम पर भारी लापरवाही देखने को मिली. टॉयलेट के मुख्य दरवाजे के पास गंदगी और मकड़ी के जालों के बीच सब्जियां काटी जा रही थीं. वहीं, उबले हुए नूडल्स को बर्तन धोने वाली जगह पर खुला छोड़ दिया गया था, जिससे नाली के गंदे पानी के छींटे उस पर पड़ने का खतरा था. खाना पकाने के लिए बार-बार इस्तेमाल होने वाला पूरी तरह काला तेल कड़ाही में मिला. इन सबके अलावा प्याज समेत बाकी कच्चा सामान जमीन पर सीधे दीवार से सटाकर रखा था, जबकि पूरी रसोई में मक्खियों को रोकने का कोई इंतजाम तक नहीं था.
FDA के मुताबिक यह होटल पहले भी नियमों की अनदेखी में पकड़ा जा चुका है. दिसंबर 2025 में जांच के बाद इसे सुधार का नोटिस दिया गया था. इसके बावजूद कोई सुधार न होने पर अप्रैल 2026 में 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था.
लगातार नियमों की अनदेखी और लोगों की सेहत से खिलवाड़ को देखते हुए FDA के सहायक आयुक्त अधिकारी द. वि. पाटील ने कड़ा कदम उठाया. उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32(3) के तहत होटल का लाइसेंस तत्काल सस्पेंड करने का आदेश दे दिया.
मुंबई में 7 होटलों पर कार्रवाई
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इसी विशेष अभियान के दौरान मुंबई में भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई हुई. कोलाबा के मैकडॉनल्ड्स (McDonald’s), बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब, मलाड के नोवारा (Novaara), नरीमन पॉइंट के स्टेटस रेस्टोरेंट (Status Restaurant) और खार जिमखाना समेत 7 ठिकानों के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए गए. इन जगहों पर खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई.
गुटखा मामले में 6 गिरफ्तार
अभियान के दौरान प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के खिलाफ भी कार्रवाई हुई. मुंबई के 3 दुकानों को सील किया गया. इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान करीब 1.95 लाख रुपये कीमत के प्रतिबंधित उत्पाद जब्त किए गए.
FDA की यह कार्रवाई 19 और 20 अगस्त को चलाए गए विशेष अभियान का हिस्सा थी. इसका मकसद दूध और डेयरी उत्पादों, प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला समेत दूसरे खाद्य पदार्थों की जांच करना था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved