
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिए गए बयान पर सीएम योगी ने कहा, “आप मनु पर या राम पर टिप्पणी करते हैं. मनु को जानना है तो अथर्ववेद पढ़िए. जब आप भारत की संस्थानों का अपमान करते हैं और प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं, तो आप भारत की संस्थानों का अपमान करते हैं.”
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने पूरे देश को लूटा है. आपने भारत नहीं बनाया, आपने भारत का विभाजन करवाया है. कांग्रेस ने हमेशा भारत के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है.
सीएम योगी ने कहा कि राहुल गांधी आपसे देश ज्यादा अपेक्षा नहीं करता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,” मैं भी पिछले दिनों रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के एक बयान को पढ़ रहा था. ये बयान उन्होंने महाराष्ट्र के अंदर दिया था. उन्होंने कहा कि महिलाएं, मनुस्मृति के बंधन को तोड़ करके अब बाहर आ जाएं. राहुल जी, राहुल गांधी के रूप में आपसे देश बहुत अपेक्षा नहीं करता है, कोई अपेक्षा नहीं करता है.”
उन्होंने कहा, लेकिन भारत की संसद में, भारत की सर्वोच्च पंचायत में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आपको देश के लोकतंत्र के प्रति जवाबदेही बनाता है. आपने भारत के संविधान की शपथ ली थी और संविधान की शपथ ले करके आप भारत की परंपरा को भारत की विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं.”
सीएम योगी ने कहा, “आप यूपी के बाहर जाते हैं तो यूपी को लांछित और अपमानित करते हैं. भारत के बाहर जाते हैं तो भारत का अपमान करते हैं. भारत की सेना जब सीमाओं पर दुश्मनों के खिलाफ लड़ती है तो आप भारत की सेना के जवानों से प्रमाण मांगते हैं. आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में देशद्रोही तत्वों को आप प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करते हैं. अयोध्या में प्रभु श्री राम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी प्रश्न खड़ा करती है और लोकतंत्र के प्रति आपकी निष्ठा क्या है? यह तो इस देश ने 1975 में आपातकाल की काली छाया को देखा है.”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved