
राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बेटे ने खेत में फांसी लगाकर जान दे दी. पिता को बेटे की मौत का गहरा सदमा लगा. उसने भी खेत में ही जहर खाकर मौत को गले लगा लिया. एक ही परिवार में रातभर के अंतराल में पिता-पुत्र की मौत से गांव में सनसनी फैल गई. मामला जिले के बसी तलवाड़ा गांव का है.
मृतक बेटे की पहचान रामचंद्र (18) और मृतक पिता की पहचान कनीराम तंवर के रूप में हुई है. रामचंद्र ने मौत से पहले वीडियो रिकॉर्ड किया था. जिसकी पुलिस जांच कर रही है. वीडियो में युवक कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़ी बातें करता है. प्रेम प्रसंग और अपनी जान देने की बात करते हुए पेड़ पर चढ़ता दिखाई देता है. उसके हाथ में रस्सी का फंदा नजर आता है.
इसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी. परिजनों के अनुसार, रामचंद्र भंडारे में जाने की बात कहकर निकला था. करीब 12 बजे उसका बड़ा भाई मनोज खेत पर मवेशी भगाने पहुंचा. वहां रामचंद्र को पेड़ पर फंदे से लटका देखकर वह घबरा गया. वह दौड़कर गांव पहुंचा और परिवार को सूचना दी. फिर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. रामचंद्र को नीचे उतारकर खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. बेटे को मृत घोषित किए जाने के बाद पिता कनीराम अस्पताल से निकल गए. परिजनों के मुताबिक, वो खेत की ओर गए. वहां उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया. सुबह ग्रामीणों को कनीराम खेत में मृत अवस्था में मिले. कनीराम के शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को खिलचीपुर अस्पताल लाया गया.
अस्पताल में रामचंद्र का शव पहले से पोस्टमार्टम के लिए रखा हुआ था. दोनों के शवों का एक साथ पोस्टमार्टम किया गया. कुछ घंटे पहले जिस अस्पताल में बेटे का शव आया था, वहीं पिता का शव भी पहुंच गया. ग्रामीणों के मुताबिक, युवक का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. सोशल मीडिया पर युवती से वीडियो कॉलिंग और फोटो से जुड़ी पोस्ट होने की बात भी सामने आई है.
खिलचीपुर पुलिस ने दोनों मौतों की जांच शुरू कर दी है. युवक द्वारा मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है. पुलिस मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों के अलावा उसके कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved