
कोझिकोड। केरल के कोझिकोड से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल, पुलिस ने कोझिकोड में एक युवक को अरेस्ट किया है जो सब-इंस्पेक्टर बनकर पहले नशे का सामान तस्करों से जब्त करता और बाद में उसे आगे सप्लायर्स को बेच देता था। युवक की इस करतूत को सुनकर हर कोई हैरान है।
कोझिकोड पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान रोजित के रूप में हुई है। वह फेरोक के पास चुंगम कल्लीथोड का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि कोझिकोड सिटी के अलग-अलग क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें आ रही थीं कि एक शख्स खुद को सब-इंस्पेक्टर बताकर युवाओं से पैसे वसूल रहा है जिसके बाद District Anti-Narcotics Special Action Force ने पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान, मिली जानकारी के आधार पर DANSAF की टीम ने फेरोक पुलिस के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन किया और बीते गुरुवार की रात को रमनट्टुकारा के वैद्यरंगडी से रोजित को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी DANSAF अधिकारी बनकर अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी लेता था और अवैध नशे के सामान खासकर MDMA जब्त करता था। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी इस जब्त नशे के सामान को खरीदारों को बेच देता था। इस प्रकार वह बड़े पैमाने पर लेन-देन कर भारी प्रॉफिट कमाता था।
अधिकारियों ने कहा कि नकली दरोगा बनकर रोजित उन लोगों से भी रुपये वसूलता था जिनके पास से वह अवैध नशे का सामान जब्त करता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के वक्त रोजित के पास से महज 2.5 ग्राम MDMA रिकवर हुआ था लेकिन आरोप है कि उसने कोझिकोड में कई लोगों को मादक पदार्थ बेचा था।
पुलिस ने आगे बताया कि तलाशी में नकली पुलिस पहचान पत्र, हथकड़ी, एक एयर पिस्टल और पुलिस की वर्दी पहने हुए रोजित की पासपोर्ट साइज तस्वीरें भी बरामद की गई हैं। उन्होंने कहा कि पड़ताल का दायरा बढ़ाते हुए रोजित के पैसों के लेन-देन, बैंक खातों और मादक पदार्थ तस्करों के साथ अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। इससे पहले हाल ही में दिल्ली के गोविंदपुरी में मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की गई थी, जब भारी मात्रा में कोकीन और MDMA के साथ विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved