img-fluid

रीवा के अस्पताल में लिफ्ट में फंसकर मरीज की दर्दनाक मौत

August 30, 2026

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित निजी ‘नेशनल अस्पताल’ से सुरक्षा और लापरवाही का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. शनिवार रात अस्पताल की लिफ्ट में अचानक आई तकनीकी खराबी के चलते उसमें फंसकर एक मरीज की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया. स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने और जमीन पर घसीटने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.

जानकारी के अनुसार, मैहर जिले के अमरपाटन तहसील अंतर्गत लालपुर गांव के रहने वाले 52 वर्षीय सुरेश सेन बीते दिनों पेड़ से नीचे गिर गए थे, जिससे उनके शरीर में कई गंभीर चोटें आई थीं और कंधे की हड्डी टूट गई थी. स्वजनों ने बेहतर इलाज की उम्मीद में शनिवार शाम उन्हें रीवा के सिरमौर चौराहा स्थित नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया था.


  • शनिवार रात को अस्पताल का एक कर्मचारी सुरेश सेन को स्ट्रेचर पर लिटाकर इलाज के लिए ऊपरी मंजिल पर ले जाने हेतु लिफ्ट के अंदर गया. इसी दौरान लिफ्ट में अचानक खराबी आ गई और वह नीचे गिर गई. मृतक के बेटे के मुताबिक, “अस्पताल कर्मचारी ने हमसे कहा कि आप लोग सीढ़ियों से ऊपर आ जाइए. जब हम सीढ़ियों के जरिए ऊपर पहुंचे और लिफ्ट के पास गए, तो हमारे पिता का आधा शरीर लिफ्ट के निचले हिस्से में फंसा हुआ था और वहां से अस्पताल का कर्मचारी गायब था.”

    परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि इस दर्दनाक हादसे से ठीक 20 मिनट पहले भी एक लड़की उसी लिफ्ट में फंसी थी. इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन ने कोई सावधानी नहीं बरती, न ही लिफ्ट का संचालन रोका. लापरवाही बरतते हुए मरीज को उसी खराब लिफ्ट से ले जाया गया, जिससे उनकी जान चली गई. आक्रोशित परिजनों की मांग है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिया जाए और इस निजी अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील/बंद किया जाए.

    घटना की सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस और सीएसपी राजीव पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया. हालांकि, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने न्याय दिलाने के बजाय उनके साथ अभद्रता की, मारपीट की और उन्हें जमीन पर घसीटा.

    फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सीएसपी राजीव पाठक का कहना है कि मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. लिफ्ट की तकनीकी खामियों और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

    Share:

  • बिल गेट्स के रोबोट टैक्स से सहमत नहीं Nvidia सीईओ, बोले ये बात

    Sun Aug 30 , 2026
    डेस्क: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स के रोबोट टैक्स वाले सुझाव पर एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने असहमति जताई है. गेट्स का मानना है कि AI और रोबोट की वजह से इंसानों की नौकरियां कम हो सकती हैं, इसलिए कंपनियों पर अतिरिक्त टैक्स लगाया जाना चाहिए. वहीं हुआंग का कहना है कि AI आने […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved