
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित पहाड़पुर गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर 16 साल के लड़के की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि हत्या के बाद शव के तीन टुकड़े किए गए और उन्हें आरोपी के घर के पीछे जमीन में दफना दिया गया. इसी बीच, कुत्तों के जमीन खोदने के दौरान मानव अंग दिखाई देने पर इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है.
मृतक की पहचान बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के 16 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, मिथुन का पहाड़पुर निवासी जगदीश दास की बेटी के साथ करीब एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. आरोप है कि लड़की के बुलाने पर ही वह रविवार को पहाड़पुर पहुंचा था.
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद मिथुन को बहला-फुसलाकर घर के अंदर बुलाया गया और उसकी हत्या कर दी गई. किशोर के अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. बुधवार को उसके पिता भी पहाड़पुर पहुंचे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
गुरुवार को दोबारा खोजबीन के दौरान कुत्तों ने एक जगह जमीन खोदनी शुरू की. इसी दौरान वहां से इंसान का कटा हुआ पैर बाहर दिखाई दिया. मानव अंग मिलने की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. आसपास दुर्गंध फैलने की बात भी सामने आई, जिससे संदेह और गहरा गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बमबम कुमार और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया.
पुलिस ने इस मामले में पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और उसकी बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जांच के दौरान आरोपी के घर के अंदर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आई है. पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों ने हंगामा किया और आरोपी के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया. घटना के बाद पहाड़पुर गांव में तनाव बना हुआ है.
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग के कारण हत्या किए जाने की बात सामने आई है. उन्होंने पुष्टि की कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तीन टुकड़ों में काटकर दफनाया गया था. मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved