
डेस्क: ब्रिटेन सरकार बच्चों को स्मार्टफोन पर न्यूड या अश्लील तस्वीरों से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है. सरकार ऐसा कानून लाने पर विचार कर रही है, जिसके तहत Apple और Google को बच्चों के स्मार्टफोन और टैबलेट में न्यूड तस्वीरों को लेने, देखने या शेयर करने से रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ सकती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन की संस्कृति मंत्री लिसा नैंडी ने मंगलवार को हाउस ऑफ कॉमन्स में सरकार की योजना की जानकारी दी. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि प्रस्तावित कानून संसद में कब पेश किया जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन सरकार ने जून में Apple और Google को करीब तीन महीने का समय दिया था. इस दौरान दोनों कंपनियों से बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी फीचर्स स्वेच्छा से लागू करने को कहा गया था. दोनों कंपनियों के पास पहले से ही बच्चों के लिए कुछ सुरक्षा फीचर्स मौजूद हैं, लेकिन सरकार का मानना है कि ये उपाय पर्याप्त नहीं हैं.
Apple के पास कम्यूनिकेशन सेफ्टी फीचर है. इसे कंपनी ने 2021 में शुरू किया था. यह फीचर बच्चों को न्यूड तस्वीरें या वीडियो देखने और शेयर करने से रोकने में मदद करता है. बाद में Apple ने इसे कुछ थर्ड-पार्टी ऐप्स तक भी बढ़ाया. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने ब्रिटेन के अधिकारियों को बताया है कि वह कम्यूनिकेशन सेफ्टी समेत बच्चों की सुरक्षा से जुड़े दूसरे फीचर्स को और मजबूत करने की योजना बना रही है. वहीं, Google ने भी इस मामले में प्रगति होने की बात कही है. कंपनी का कहना है कि वह बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार, ऐप डेवलपर्स और सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम कर रही है.
ब्रिटेन सरकार का मानना है कि बच्चों को न्यूड या निजी तस्वीरें बनाने और शेयर करने के लिए दबाव में लाया जा सकता है. ऐसी तस्वीरें बाद में ब्लैकमेल, ऑनलाइन ग्रूमिंग और यौन शोषण का कारण बन सकती हैं. प्रस्तावित नियम केवल फोन के ऑपरेटिंग सिस्टम तक सीमित नहीं होंगे. इन्हें अलग-अलग ऐप्स के स्तर पर भी लागू करने की योजना है. यानी बच्चों के फोन में मौजूद ऐप्स को भी ऐसी तस्वीरों को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने पड़ सकते हैं. हालांकि, कानून के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर अभी फैसला होना बाकी है. इनमें यह भी शामिल है कि कौन-कौन से डिवाइस नए नियमों के दायरे में आएंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved