
चार डोम बनाए… हर डोम में 10 हजार छात्र बैठेंगे… बाहर स्क्रीन लगेगी…
दिल्ली की टीम मैनेजमेंट में जुटी… पहले आएं, पहले पाएं की तर्ज पर प्रवेश
इंदौर। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के छात्रों की गूंज (Voice of Students) कार्यक्रम की सफलता के लिए न केवल दिल्ली की मैनेजमेंट टीम (Management Team) पूरी तैयारियां कर रही है, बल्कि प्रचार का प्लान भी राष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया गया है। कार्यक्रम की खास बात यह है कि जिस पंडाल में छात्र मौजूद रहेंगे वहां एक भी कांग्रेसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। वे बाहर रहकर व्यवस्थाओं को संभालेगे। अंदर की व्यवस्थाएं पूरी तरह इवेंट टीम के जिम्मे होंगी, जो छात्रों के प्रवेश से लेकर उन्हें निर्धारित डोम तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी। कार्यक्रम के लिए पहले तीन डोम बनाए जाने वाले थे, लेकिन अब छात्रों के बढ़ते पंजीयन को देखते हुए चौथा डोम भी बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का मैनेजेंट राष्ट्रीय स्तर की इवेंट मैनेजमेंट टीम ने संभाल लिया है। टीम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां बता दी हैं। इसके तहत वे छात्रों को कार्यक्रम स्थल तक लाएंगे और बाहर की व्यवस्थाएं संभालेंगे। चूंकि बड़ी तादाद में छात्रों के प्रवेश के लिए पंजीयन हुए हैं, इसलिए कार्यक्रम स्थल पर पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर प्रवेश दिया जाएगा और प्रवेश स्थल की संख्या पूरी होने के बाद उन्हें बाहर स्क्रीन पर कार्यक्रम दिखाए जाने की व्यवस्था की जा रही है। इवेंट मैनेजमेंट टीम ने हर डोम में निर्धारित लोगों को व्यवस्थाओं के लिए लगाया है, जो क्यूआर कोड से प्रवेश देकर छात्रों को उनके स्थान तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रम में कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए बाउंसर भी तैनात किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के प्रचार का जिम्मा भी मैनेजमेंट टीम ने संभाल रखा है। शहर में लगे होर्डिंगों और बैनर के स्लोगन भी राष्ट्रीय स्तर पर ही तैयार किए गए हैं। इवेंट मैनेजमेंट टीम ने अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियों का जिम्मा लोगों को सौंपा है। इसमें कार्यक्रम स्थल तक राहुल गांधी को लाए जाने की व्यवस्था भी शामिल है। प्रशासन द्वारा राहुल गांधी को लाए जाने का मार्ग लंबा किए जाने के बाद अब उसके उपयोग के बारे में भी विचार किया जा रहा है। संभवत: मार्ग पर भी राहुल प्रशंसकों को लाया जा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved