
मध्य प्रदेश के इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र से प्यार में धोखे और प्रताड़ना की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला को अपने ही पड़ोसी प्रेमी पर भरोसा करना इस कदर भारी पड़ गया कि उसे न केवल अपने पति से तलाक लेना पड़ा, बल्कि विदेश (दुबई) में अपनी अच्छी-भली नौकरी भी छोड़नी पड़ी। जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी उसे किराए के कमरे में अकेला छोड़कर रफूचक्कर हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंदन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके और उसके पति के बीच कुछ पारिवारिक अनबन चल रही थी। इसी बात की जानकारी उसके पड़ोस में रहने वाले आरोपी को थी। आरोपी ने महिला की मजबूरी का फायदा उठाकर उससे सहानुभूति जताई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ा लीं। इसके बाद एक दिन घर में अकेला पाकर आरोपी ने शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने महिला से वादा किया कि यदि वह अपने पति को तलाक दे देती है, तो वह उससे शादी कर उसे अपना बनाएगा। प्रेमी के झूठे वादों में आकर महिला ने अपने पति से तलाक ले लिया। इसके बाद महिला रोजगार के सिलसिले में दुबई चली गई और वहाँ नौकरी करने लगी। लेकिन आरोपी यहाँ भी बाज़ नहीं आया; उसने शादी करने का लगातार दबाव बनाकर महिला की दुबई की नौकरी छुड़वा दी और उसे वापस इंदौर बुला लिया।
इंदौर लौटने के बाद आरोपी महिला को एक धार्मिक स्थल के गेस्ट हाउस ले गया, जहाँ उसने लगातार चार दिनों तक महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह पीड़िता को इंदौर लेकर आया और एक किराए का कमरा लेकर कुछ दिनों तक उसके साथ रहा। जब पीड़िता ने उस पर शादी करने के लिए जोर डाला, तो आरोपी उसे कमरे में अकेला छोड़कर अचानक फरार हो गया।
धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने रो-रोकर अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर चंदन नगर थाने पहुँचे और आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म (Rape) सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved