
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने एशियन गेम्स में आर्चरी और शूटिंग में (In Archery and Shooting in Asian Games) गोल्ड मेडल जीतने वाले भारतीय एथलीटों को बधाई दी (Congratulated Indian Athletes who won Gold Medals) ।
एशियन गेम्स 2026 में बुधवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा। भारतीय दल ने आर्चरी और शूटिंग में शानदार प्रदर्शन किया है और 4 गोल्ड जीत लिए हैं। तीन गोल्ड आर्चरी और एक गोल्ड शूटिंग में आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट और महिला कंपाउंड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारतीय एथलीटों को बधाई दी है। पीएमओ ने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पीएम मोदी के हवाले से ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा, “नीरू और किनान चेनाई को 2026 एशियन गेम्स में ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल लाने पर बधाई। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में एशियन रिकॉर्ड बनाकर इस इवेंट में भारत को पहला एशियन गेम्स गोल्ड दिलाया। भारतीय शूटिंग के लिए एक यादगार उपलब्धि। दोनों एथलीटों को शाबाशी। आने वाले समय में वे हमेशा चमकते रहें।”
पीएमओ ने महिला कंपाउंड आर्चरी टीम इवेंट में गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम को पीएम मोदी की तरफ से बधाई देते हुए लिखा, “भारत के लिए गोल्ड। ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप और चिकिथा तनिपार्थी को एशियन गेम्स 2026 में महिला कंपाउंड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई। यह और भी खास है क्योंकि उनके प्रदर्शन ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी की। यह हमारे तीरंदाजों के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। पूरी टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”
शूटिंग के मिक्स्ड ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने 34 प्वाइंट्स अर्जित करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं, कतर ने 32 प्वाइंट्स हासिल करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि चीन 23 प्वाइंट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहा। ईरान फाइनल में 12 प्वाइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रहा। नीरू का यह एशियन गेम्स 2026 में तीसरा मेडल है। इससे पहले, नीरू ने महिलाओं के ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था। इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। वह ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनीं। महिला कंपाउंड आर्चरी टीम में शामिल चिकिथा तनिपार्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा की तिकड़ी ने फाइनल में चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल जीता।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved