
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और भारत से फरार चल रहे पूर्व चेयरमैन ललित मोदी (Lalit Modi) को ब्रिटिश नागरिकता (British citizenship) मिल गई है। उन्होंने 15 सितंबर 2026 को ब्रिटेन का नागरिक बनने की पुष्टि की। शनिवार, 14 नवंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में संबोधन के दौरान उन्होंने इस फैसले का खुलासा किया और इसे अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत बताया।
ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी ब्रिटिश नागरिकता मिलने की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में आयोजित विशेष समारोह में उन्हें ब्रिटिश नागरिकता प्रदान की गई। उनके मुताबिक, ब्रिटेन कई वर्षों से उनका घर रहा है और यहां के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं तथा मूल्यों के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “ब्रिटिश नागरिक बनना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। मैं इसे गर्व, आभार और अपनेपन की भावना के साथ स्वीकार करता हूं।”
ललित मोदी ने कहा कि उनका जीवन अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से होकर गुजरा है। अब वह उस देश के लिए सकारात्मक योगदान देना चाहते हैं, जिसे वह गर्व से अपना घर कहते हैं। इस मौके पर उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और ऑक्सफोर्ड यूनियन के प्रति भी आभार जताया।
🇬🇧 A PROUD MOMENT. A NEW CHAPTER.
Today, 14 November 2026, I had the honour of addressing the Oxford Union, where I publicly shared a very special and personal milestone.
I AM PROUD TO BE A BRITISH CITIZEN. 🇬🇧
On 15 September 2026, surrounded by family and friends, I… pic.twitter.com/BKMyxegKkj
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) November 14, 2026
उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटिश नागरिकता मिलने की घोषणा उनके लिए इसलिए खास रही, क्योंकि यह ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन के अवसर पर हुई। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘गॉड सेव द किंग’ लिखकर ब्रिटिश राजपरिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
IPL की शुरुआत के बाद विवादों में घिरे थे ललित मोदी
ललित मोदी को वर्ष 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत करने और इसे दुनिया के प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंटों में स्थापित करने का श्रेय दिया जाता है। IPL ने क्रिकेट में खेल और मनोरंजन के साथ व्यावसायिक मॉडल को जोड़कर नई पहचान बनाई। ललित मोदी ने लीग के शुरुआती दौर में इसके चेयरमैन और कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाली थी।
हालांकि, IPL की शुरुआत के कुछ साल बाद ही वह कई विवादों में घिर गए। वर्ष 2010 में लीग से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामलों की जांच शुरू होने के बीच वह भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे। तब से वह लंदन में रह रहे हैं। अब ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद उन्होंने UK को अपना घर बताते हुए वहां सकारात्मक योगदान देने की इच्छा जताई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved