
नई दिल्ली। अमेरिका (America) में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) प्रशासन की दक्षिणी सीमा पर बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने की योजना को टेक्सास (Texas) की एक फेडरल कोर्ट (Federal Court) से झटका लगा है। अदालत ने राज्य के बिग बेंड इलाके में बॉर्डर वॉल और उससे जुड़े अन्य निर्माण कार्यों पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह आदेश जमीन मालिकों, स्थानीय कारोबारियों और पर्यावरण संगठनों की याचिका पर आया है।
यह मामला ट्रंप प्रशासन की करीब 46 अरब डॉलर की सीमा सुरक्षा योजना से जुड़ा है। इसके तहत अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर 30 फीट तक ऊंची स्टील की दीवारों के साथ व्हीकल बैरियर्स, सड़कें और निगरानी से जुड़ी तकनीक स्थापित की जानी है।
जज ने कहा- बिना रोक के हो सकता है गंभीर नुकसान
फेडरल जज कैथलीन कार्डोने ने अपने फैसले में कहा कि मामले में याचिकाकर्ताओं के दावे प्रथम दृष्टया मजबूत नजर आ रहे हैं। अदालत के मुताबिक, यदि निर्माण पर अस्थायी रोक नहीं लगाई गई तो याचिकाकर्ताओं को गंभीर नुकसान हो सकता है। फैसले के बाद अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) और डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
दूरदराज इलाके में दीवार की जरूरत पर सवाल
बॉर्डर वॉल का विरोध कर रहे जमीन मालिकों, कारोबारियों और पर्यावरणविदों का तर्क है कि बिग बेंड क्षेत्र पहले से ही बेहद दुर्गम और दूरदराज है। उनका कहना है कि इलाके की भौगोलिक परिस्थितियां अपने आप में अवैध इमिग्रेशन को रोकने में बड़ी बाधा हैं, इसलिए यहां बड़े पैमाने पर दीवार और दूसरे निर्माण की जरूरत नहीं है।
याचिकाकर्ताओं ने प्रशासन पर निर्माण के लिए नियमों को दरकिनार करने और कई तरह की छूट का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि ऐसा करते हुए कई कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया।
पर्यावरण संगठन ने बताया ऐतिहासिक फैसला
मामले में याचिका दायर करने वालों में शामिल सेंटर फॉर बायोलॉजिकल डायवर्सिटी के लाइकेन जोर्डहल ने अदालत के आदेश को बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि अदालत के अंतिम फैसले तक निर्माण से जुड़े बुलडोजर इलाके से वापस चले जाएंगे। जोर्डहल ने इसे बिग बेंड, टेक्सास और अमेरिकी संविधान के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।
निर्माण का पहला चरण शुरू होने के कुछ हफ्ते बाद फैसला
अदालत का यह आदेश ऐसे समय आया है जब ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने बिग बेंड सेक्टर में बॉर्डर वॉल के पहले पैनल लगाने का काम शुरू कर दिया था। कोर्ट का अस्थायी स्टे इसी शुरुआती निर्माण के कुछ सप्ताह बाद आया है।
अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया यह तय करेगी कि बिग बेंड इलाके में प्रस्तावित बॉर्डर वॉल और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को स्थायी रूप से आगे बढ़ाया जा सकेगा या नहीं। फिलहाल अदालत के आदेश के कारण इस क्षेत्र में निर्माण कार्य पर अस्थायी विराम लग गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved