
गोपालगंज: बिहार में शराबबंदी है, लेकिन शराब तस्कर तस्करी के लिए रोज नए-नए जुगाड़ निकाल रहे हैं. गोपालगंज में शराब तस्करी का ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बोलेरो में पांच महिलाएं सवार थीं और साथ में था एक पुरुष चालक. पहली नजर में सबकुछ सामान्य नजर आया, लेकिन जब उत्पाद पुलिस ने बोलेरो का वजन चेक किया तो शक हुआ.
इसके बाद जब गाड़ी की गहन तलाशी ली गई तो जो सामने आया, उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. बोलेरो के अंदर 216 लीटर विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी. पुलिस ने इस मामले में पांच महिलाओं समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है. ये पूरा मामला गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर का है.
जानकारी के अनुुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास उत्पाद पुलिस ने एक बोलेरो को रोककर जांच की. बोलेरो में पांच महिलाएं और एक पुरुष चालक सवार था. शुरुआत में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया, लेकिन जांच के दौरान जब वाहन का वजन किया गया तो वजन सामान्य से ज्यादा मिला.
बस फिर क्या था… उत्पाद पुलिस का शक गहरा गया. बोलेरो की गहन तलाशी शुरू हुई. तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के मुताबिक, बोलेरो से कुल 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है. बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. शराब के साथ पुलिस ने बोलेरो को भी जब्त कर लिया है.
वहीं मौके से पांच महिला तस्करों और एक पुरुष चालक समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार सभी आरोपी गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के दुखहरण टोला के रहने वाले हैं. फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved