img-fluid

रूस की लैब में महिला कर्मचारी की संदिग्ध मौत से प्लेग की आशंका, पड़ोसी देशों ने सीमा पर स्वास्थ्य निगरानी बढ़ाई

October 06, 2026

नई दिल्ली ।रूस (Russia) के साइबेरिया स्थित इरकुत्स्क क्षेत्र में एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट की एक महिला लैब टेक्नीशियन दर्या शिपिलोवा (Darya Shipilova) की संदिग्ध मौत के बाद प्लेग संक्रमण की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रयोगशाला में जांच के दौरान जिंदा बैक्टीरिया वाले नमूने की टेस्ट ट्यूब टूटने (Test Tube Break) के बाद उनके संक्रमित होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, रूस की स्वास्थ्य निगरानी (Health Surveillance) संस्था रोस्पोट्रेबनादजोर (Rospotrebnadzor) ने इस दावे को खारिज किया है। संस्था का कहना है कि महिला की मौत प्लेग से नहीं, बल्कि अज्ञात निमोनिया से हुई और जांच किए गए नमूनों में कोई घातक रोगाणु नहीं मिला।

मामले को लेकर रूस में अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पड़ोसी राज्य बुरियाटिया के प्रमुख एलेक्सी त्सिदेनोव ने महिला की मौत के पीछे प्लेग होने की आशंका जताई है। वहीं, रोस्पोट्रेबनादजोर के पूर्व प्रमुख गेनेडी ओनिश्चेंको ने कहा है कि यह प्लेग नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि ठंड के कारण संक्रमण का प्रसार संभव नहीं है।

महिला को मंगोलिया की सीमा के पास स्थित शेलेखोव कस्बे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद अस्पताल के पूरे स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया। करीब 200 लोगों को निगरानी में रखे जाने की जानकारी सामने आई है। अस्पतालों में नए मरीजों की भर्ती रोक दी गई है और कुछ अन्य अस्पताल भी बंद किए गए हैं। लॉकडाउन की चर्चाओं के बीच गवर्नर इगोर कोब्जेव ने लोगों से शांत रहने की अपील की है।

एहतियाती कदमों के तहत सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द किए गए हैं और नजदीकी एल्युमिनियम प्लांट में मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। शेलेखोव के मेयर मैक्सिम मोदिन के अनुसार, पिछले 10 दिनों में संस्थान के किसी अन्य कर्मचारी में संक्रमण नहीं पाया गया है। हालांकि, संपर्क में आए लोगों में कोविड-19 के दो और राइनोवायरस के दो मामले सामने आए हैं।

इस मामले पर अमेरिका भी नजर बनाए हुए है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि वह संभावित निमोनिक प्लेग से हुई मौत की स्थिति पर अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के साथ निगरानी कर रहा है। अमेरिका ने रूस से मामले की सटीक जानकारी साझा करने की अपील की है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को कहा कि साइबेरिया के इरकुत्स्क क्षेत्र स्थित एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट में लैब कर्मचारी की मौत के मामले पर करीबी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि चिंता की बात है।

रूस में प्लेग फैलने की आशंका के बीच कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान ने भी सीमा पर स्वास्थ्य नियंत्रण कड़े किए हैं। किर्गिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी सीमा चौकियों को हाई अलर्ट पर रखा है और यात्रियों, वाहनों तथा सामानों की निगरानी बढ़ा दी है। उज्बेकिस्तान ने रूस और विश्व स्वास्थ्य संगठन से मिले डेटा के आधार पर निगरानी तेज की है, जबकि कजाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही है। संक्रमण का जोखिम बेहद कम बताए जाने के बावजूद सीमा पर थर्मल स्क्रीनिंग और जांच की जा रही है।


  • लैब से संक्रमण फैलने की घटनाओं को लेकर पहले भी मामले सामने आते रहे हैं। 1967 में जर्मनी में मारबर्ग वायरस के शोध के दौरान 31 लोग संक्रमित हुए थे और सात की मौत हुई थी। 1977 में रूस-चीन क्षेत्र में इन्फ्लूएंजा के पुराने स्ट्रेन से जुड़े संक्रमण का मामला सामने आया था। 1978 में ब्रिटेन की एक प्रयोगशाला से स्मॉलपॉक्स संक्रमण फैलने के बाद एक महिला की मौत हुई थी। कोरोना वायरस के मामले में भी 2019 में वुहान स्थित संस्थान से वायरस लीक होने का दावा किया गया था, जिस पर वैश्विक स्तर पर मतभेद जारी हैं।

    Share:

  • वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 में छह टीमें आमने-सामने, भारत समेत सभी स्क्वॉड और पूरा शेड्यूल यहां जानिए

    Tue Oct 6 , 2026
    नई दिल्ली ।वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (World Championship of Legends) 2026 में इस बार छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। पाकिस्तान के टूर्नामेंट से हटने के बाद अब भारत (India), ऑस्ट्रेलिया (Australia), इंग्लैंड (England), दक्षिण अफ्रीका (South Africa), वेस्टइंडीज (West Indies) और बांग्लादेश (Bangladesh) की टीमें खेल रही हैं। टूर्नामेंट शारजाह क्रिकेट स्टेडियम (Sharjah Cricket […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved