
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। लुधियाना के हैबोवाल इलाके में हुए एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय हैंडबॉल खिलाड़ी अंशिका की मौत हो गई। इस हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है। CCTV फुटेज पूरी घटना कैद हो गई। अंशिका राज्य स्तर की हैंडबॉल प्लेयर थी। उसे स्टेट लेवल का मैच खेलने के लिए बठिंडा जाना था। लेकिन मैच से ठीक एक दिन पहले हुए हादसे ने उसकी जान ले ली।
हैबोवाल इलाके में सोमवार शाम यह दर्दनाक हादसा हुआ। अंशिका एक्टिवा पर एक परिचित मंदिर के पंडित के साथ स्कूल में प्रैक्टिस के लिए जा रही थी। एक्टिवा पर तीन लोग सवार थे और अंशिका सबसे पीछे बैठी थी।
CCTV फुटेज के मुताबिक, इसी दौरान सामने से एक अन्य एक्टिवा आ गई, जबकि बगल से ईंटों से लदी ट्रॉली गुजर रही थी। सामने से आ रही एक्टिवा से बचने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसके बाद एक्टिवा फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर गए।
हादसे के दौरान पीछे बैठी अंशिका ट्रॉली की चपेट में आ गई। करीब 20 टन ईंटों से लदी ट्रॉली का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल अंशिका को तुरंत डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
बताया जाता है कि अंशिका 9वीं कक्षा की छात्रा थी और हैंडबॉल की खिलाड़ी थी। उसे 6 अक्टूबर को स्टेट लेवल मैच खेलने के लिए बठिंडा जाना था। लेकिन मैच से ठीक एक दिन पहले हुए हादसे ने उसकी जान ले ली। जानकारी के मुताबिक, अंशिका के पिता अमित राय प्रिंटिंग प्रेस का काम करते हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। परिवार में उसका 13 वर्षीय भाई भी है। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved