
भोपाल। मध्य प्रदेश में ‘चीता पुनर्स्थापना अभियान’ को एक और नया और बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। कूनो नेशनल पार्क और गांधीसागर अभयारण्य के सफल प्रयोग के बाद अब मध्य प्रदेश का तीसरा ठिकाना ‘वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व’ बनने जा रहा है। वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन अवसर पर आगामी 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 2 चीतों को विशेष बाड़े में रिहा करेंगे।
मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व माने जाने वाले ‘वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व’ में चीतों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए 439 हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में विशेष बाड़ा और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। चीतों के आगमन से न केवल जैव विविधता सुदृढ़ होगी, बल्कि सागर और बुंदेलखंड क्षेत्र में वाइल्डलाइफ टूरिज्म (वन्यजीव पर्यटन) को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर 2022 को कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए चीतों को छोड़कर भारत में ‘प्रोजेक्ट चीता’ की ऐतिहासिक शुरुआत की थी। हाल ही में 5 अक्टूबर को कूनो में मादा चीता ने 5 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर अब 60 हो गई है, जिनमें से 41 चीते भारत की धरती पर जन्मे हैं। अब कूनो में चीतों की संख्या 54 हो गई है, जबकि अन्य को नए क्षेत्रों में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved