
डेस्क। सऊदी अरब के मौजूदा हालातों को ध्यान में रखते हुए टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनियों एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने राजधानी रियाद से आने-जाने वाली फ्लाइट्स को अब 14-15 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दिया है। एयरलाइन के अधिकारियों ने शनिवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद के लिए अपनी सभी फ्लाइट्स 14 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं। इसके अलावा, जबकि एयर इंडिया ने 15 अक्टूबर तक रियाद के लिए सभी फ्लाइट्स को कैंसिल करने का फैसला किया है।
बताते चलें कि इससे पहले टाटा ग्रुप की दोनों एयरलाइन कंपनियों ने 10 अक्टूबर तक के लिए रियाद की सभी फ्लाइट्स को रद्द करने की घोषणा की थी। अधिकारियों ने कहा कि एयरलाइन कंपनियां सऊदी अरब की मौजूदा स्थितियों पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं और क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों का लगातार आकलन कर रही हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया प्रभावित यात्रियों को फ्लाइट्स कैंसिल होने पर पूरा पैसा वापस करने की पेशकश कर रही हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस यात्रियों को बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा भी दे रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत के 4 शहरों- बेंगलुरू, कोच्चि, कन्नूर और कोझिकोड से रियाद के लिए साप्ताहिक आधार पर 16 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है। जबकि, एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से रियाद के लिए हफ्ते में 7 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है। बताते चलें कि हूती विद्रोहियों ने इस हफ्ते की शुरुआत में सऊदी अरब के 2 प्रमुख हवाई अड्डों- रियाद और आभा पर हमला किया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved