img-fluid

बिसलेरी विवाद पर कंपनी की सफाई, सभी 143 प्लांट चालू, सिर्फ एक बैच की बिक्री पर रोक

November 25, 2026

नई दिल्ली। बोतलबंद पानी की गुणवत्ता (Quality of bottled water) को लेकर उठे सवालों के बीच बिसलेरी इंटरनेशनल ने सफाई दी है। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि देशभर में उसके सभी 143 विनिर्माण संयंत्र चालू हैं और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों का पालन कर रहे हैं। कंपनी के अनुसार, नियामक ने केवल गोवा संयंत्र में तैयार एक पुराने बैच की बिक्री पर रोक लगाई है। संबंधित बैच का कोई स्टॉक फिलहाल बाजार में उपलब्ध नहीं है।

केवल एक बैच पर कार्रवाई

कंपनी ने स्पष्ट किया कि एफएसएसएआई का बिक्री प्रतिबंध गोवा संयंत्र में 27 सितंबर 2025 को तैयार किए गए बैच नंबर GO 270 पर लागू है। बिसलेरी के मुताबिक, कंपनी हर साल 50 हजार से अधिक बैच तैयार करती है। ऐसे में एक बैच के खिलाफ हुई कार्रवाई को कंपनी के सभी उत्पादों की गुणवत्ता से जोड़कर देखना उचित नहीं है।



  • कंपनी ने यह भी कहा कि एफएसएसएआई ने गोवा संयंत्र को बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया है। इस संयंत्र में बाद में तैयार किए गए पानी के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं और उत्पादन लगातार जारी है।

    ब्रोमेट और पीएएच को लेकर उठे सवाल

    मामले में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी को लेकर सवाल उठे थे। कंपनी के अनुसार, 23 नवंबर को एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया कि संबंधित बैच के नमूनों की दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से कम पाई गई।

    हालांकि, कंपनी ने स्वीकार किया कि छह नमूनों में से एक में पीएएच की मात्रा 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई थी। वहीं, इसी बैच के दूसरे नमूने में सभी गुणवत्ता मानक पूरे पाए गए। जांच रिपोर्ट में इस अंतर पर सवाल उठाते हुए कंपनी ने फरवरी 2026 में दोबारा जांच की मांग की थी। बिसलेरी का दावा है कि इसके बाद उसके किसी अन्य संयंत्र के नमूनों में पीएएच को लेकर कोई प्रतिकूल रिपोर्ट सामने नहीं आई।

    एफएसएसएआई ने दी थी कार्रवाई की मंजूरी

    इससे पहले एफएसएसएआई ने बिसलेरी के बोतलबंद पानी के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने की जानकारी दी थी। बाद की जांच में पीएएच को लेकर भी सवाल उठे। इसके बाद कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई थी।

    हालांकि, नियामक ने बाद में स्पष्ट किया कि बिक्री पर प्रतिबंध केवल बैच नंबर GO 270 तक सीमित है। कंपनी को गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी के वास्तविक कारणों का पता लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। एफएसएसएआई के अनुसार, कंपनी की अपील के बाद रेफरेंस लैब की जांच रिपोर्ट को अंतिम माना जाएगा।

    हर बैच पर होते हैं करीब 90 गुणवत्ता परीक्षण

    बिसलेरी ने बताया कि उसके सभी 143 संयंत्रों में पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 10 चरणों वाली शुद्धिकरण प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसके अलावा प्रत्येक बैच पर करीब 90 तरह के गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं।

    कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी खबर या जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच करें। बिसलेरी ने एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग जारी रखने की बात कही है। साथ ही गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के विकल्प पर विचार करने की भी बात कही है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved