
नई दिल्ली: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में रविवार को उड़ान के दौरान हड़कंप मच गया. आसमान में सफर के दौरान विमान के अंदर रखे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पावरबैंक से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने फौरन सूझबूझ दिखाई और विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई. विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं.
ओवरहेड लगेज कंपार्टमेंट में रखे बैग से उठा धुआं
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह उड़ान (6E-6115) दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी. सफर के बीच में यात्रियों के सिर के ऊपर बने लगेज कंपार्टमेंट में रखे एक बैग से अचानक लपटें और तेज धुआं निकलने लगा. केबिन में धुआं फैलते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया.
[relposr]
क्रू मेंबर्स की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
धुआं उठते ही विमान के केबिन क्रू ने तुरंत मोर्चा संभाला. एविएशन सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत आग बुझाने वाले उपकरणों का इस्तेमाल किया और लपटों पर काबू पाया. इसी दौरान कॉकपिट क्रू ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया.विमान को नजदीकी हवाई अड्डे यानी हैदराबाद डायवर्ट करने की अनुमति मांगी.
हैदराबाद में सुरक्षित उतरा विमान
विमान को हैदराबाद एयरपोर्ट पर प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित उतार लिया गया. लैंडिंग के बाद सुरक्षा मानकों के तहत विमान की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू की गई. अधिकारियों और एयरलाइन की ओर से पुष्टि की गई है कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लेने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आगे के प्रबंध किए जा रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved