
डेस्क: आजकल आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) जितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है, उससे जुड़े अजीब मामले भी उतनी ही तेजी से सामने आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है. अकेलेपन से जूझ रहे एक मजदूर को इंटरनेट पर एक खूबसूरत लड़की से प्यार हो गया. उस प्यार की खातिर उसने अपनी पूरी जमा-पूंजी लगा दी. अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए वह 1,300 मील यानी करीब 2,000 किलोमीटर का लंबा सफर करके पहुंचा, लेकिन वहां जो सच सामने आया, उसने उसे अंदर से तोड़ दिया.
रिपोर्ट के अनुसार, यह कहानी 49 साल के मजदूर एदिमार रोचा मार्टिंस की है. मां के निधन के बाद वह बहुत अकेले रहने लगे थे. इसी दौरान सोशल मीडिया पर उनकी नजर जेसिका ओलिविया नाम की एक खूबसूरत महिला के वीडियो पर पड़ी. जेसिका फार्महाउस और गांव की जिंदगी के वीडियो शेयर करती थी. उसके 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. वीडियो में उसने लोगों को अपने फार्महाउस पर आकर साथ रहने के लिए बुलाया था. एदिमार को लगा कि उनकी जिंदगी की नई शुरुआत होने वाली है और वह जेसिका के प्यार में पागल हो गए.
जेसिका की मीठी बातों पर भरोसा करके एदिमार ने उससे मिलने का फैसला किया. जेसिका ने कहा था कि मिलने के बाद वह यात्रा का खर्च दे देगी और पैसों से भी मदद करेगी. एदिमार उत्तरी ब्राजील के इम्पेराट्रिज से निकले. उन्होंने 36 घंटे लगातार बस में सफर किया और 1,300 मील दूर बेलो होरिजोन्टे पहुंचे. इस सफर में उन्होंने अपनी सारी जमा पूंजी और तनख्वाह खर्च कर दी.
बेलो होरिजोन्टे पहुंचकर एदिमार ने लोगों को जेसिका की फोटो दिखाकर उसका पता पूछा, लेकिन वहां किसी ने उस नाम की महिला को देखा तक नहीं था. बाद में पता चला कि जिसे वह अपनी सपनों की रानी समझ रहे थे, वह असल में है ही नहीं. वह एक AI से बनी हुई नकली प्रोफाइल थी. सोशल मीडिया पर दिखने वाली वह खूबसूरत महिला सिर्फ कंप्यूटर से बनाई गई थी.
सच पता चलने के बाद एदिमार के पास खाने और रहने तक के पैसे नहीं बचे थे. ऐसे में बेलो होरिजोन्टे की प्रवासी सहायता सेवा ने उनकी मदद की. उन्हें खाना, रहने की जगह और ऑनलाइन ठगी से बचने की सलाह दी गई. एदिमार ने कहा, अकेलापन कई बार इंसान की जिंदगी में बड़ी मुसीबत बन जाता है. यह घटना उन सभी लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो अकेलेपन में सोशल मीडिया और AI के झांसे में आ जाते हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved