नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े वर्षावन अमेजन (Amazon Rainforest) से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने आदिवासी समुदायों (Amazon Rainforest) के अस्तित्व पर मंडराते संकट (Threats Looming Over Existence) को उजागर कर दिया है। ब्राजील (Brazil) के घने जंगलों में दशकों से बाहरी दुनिया से संपर्क से दूर रहने वाली अवा जनजाति के करीब 20 लोग पहली बार कैमरे में कैद हुए हैं। भूख और जंगल में घटते संसाधनों ने उन्हें आसपास के गांवों में जाकर भोजन मांगने के लिए मजबूर कर दिया। मानवाधिकार संगठनों ने इसे जनजाति के अस्तित्व के लिए गंभीर खतरे का संकेत बताया है।
ब्रिटेन के मानवाधिकार संगठन सर्वाइवल इंटरनेशनल ने इस घटना का वीडियो जारी किया है। इसमें ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य मारान्हाओ में रहने वाले अवा जनजाति के पुरुष, महिलाएं और बच्चे जंगल से बाहर निकलकर गांव वालों से भोजन मांगते नजर आ रहे हैं। उनके हाथों में तीर-कमान, गले में पारंपरिक मालाएं और सिर पर पंखों से बने मुकुट हैं। शरीर पर कपड़े नहीं हैं। जंगल में अवैध कटाई, शिकारियों और पशुपालकों की बढ़ती घुसपैठ ने उनके सामने भोजन का संकट खड़ा कर दिया है।
यह घटना मारान्हाओ राज्य के अरारिबोइया आदिवासी क्षेत्र की है, जहां गुआजाजारा समुदाय के लोग रहते हैं। स्थानीय ग्रामीणों और गुआजाजारा समुदाय के नेताओं के अनुसार, अवा जनजाति के लोग सरकारी चेकपोस्ट के पास पहुंचे और भोजन के लिए रतालू (यैम्स) मांगे। तवारी गांव के लोगों ने उन्हें रतालू और अन्य खाद्य सामग्री दी, जिसके बाद वे वापस जंगल में लौट गए।
सर्वाइवल इंटरनेशनल के मुताबिक, पिछले कई दशकों में अवा जनजाति के लोगों का इस तरह बाहरी समुदायों के पास पहुंचकर भोजन मांगना असामान्य घटना है। इससे संकेत मिलता है कि जंगल के भीतर उनके जीवन और भोजन जुटाने के पारंपरिक साधनों पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।
जंगल कटने से शिकार और भोजन जुटाना मुश्किल
अवा जनजाति के लोग पारंपरिक रूप से जंगल में शिकार करने, फल और कंद-मूल जुटाने के सहारे जीवन बिताते हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में अवैध लकड़ी कटाई करने वालों, शिकारियों और पशुपालकों की घुसपैठ बढ़ने से जंगल का पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित हुआ है। पेड़ों की कटाई और वन्यजीवों के घटने से जनजाति के लिए भोजन जुटाना मुश्किल हो गया है।
मारान्हाओ के आदिवासी संगठन कोआपिमा ने भी इस घटना पर चिंता जताई है। संगठन के अनुसार, ग्रामीणों ने अवा जनजाति के कई सदस्यों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को बेहद कमजोर अवस्था में देखा। उनके शरीर पर कुपोषण और भूख के स्पष्ट लक्षण दिखाई दे रहे थे। इससे जंगल के भीतर उनकी स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बाहरी संपर्क से संक्रमण का खतरा
अवा जनजाति उन आदिवासी समूहों में शामिल है, जो बाहरी दुनिया से संपर्क से दूर रहकर अपना जीवन बिताते हैं। ब्राजील की आदिवासी मामलों की सरकारी एजेंसी फुनाई के अनुसार, करीब 100 अवा आदिवासी अब भी पूरी तरह अलग-थलग जीवन जी रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे समुदायों के लिए बाहरी लोगों से संपर्क जानलेवा साबित हो सकता है। लंबे समय तक अलग रहने के कारण उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता सामान्य संक्रामक बीमारियों के प्रति कमजोर हो सकती है। सर्दी-जुकाम, फ्लू जैसे सामान्य संक्रमण भी इनके लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं और पूरी आबादी को प्रभावित कर सकते हैं।
इसी कारण ब्राजील सरकार की नीति इन समुदायों से अनावश्यक संपर्क से बचने की रही है। हालांकि, मौजूदा संकट को देखते हुए जनजाति के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए आपात सेवाएं सक्रिय किए जाने की जानकारी सामने आई है।
‘खतरे की घंटी’, जंगल में घुसपैठियों को बाहर निकालने की मांग
सर्वाइवल इंटरनेशनल की निदेशक कैरोलिन पियर्स ने कहा कि अवा जनजाति चारों तरफ से हमले और अतिक्रमण का सामना कर रही है। घुसपैठियों ने उन्हें अमेजन के जंगल के एक छोटे हिस्से तक सीमित कर दिया है, जबकि आसपास बड़े पैमाने पर जंगल तबाह किया जा रहा है।
संगठन की ब्राजील प्रमुख सारा शेंकर ने इस घटना को संकट का क्षण और खतरे की घंटी बताया। उन्होंने कहा कि भले ही वीडियो दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया हो, लेकिन उनकी इच्छा थी कि अवा जनजाति कभी कैमरे के सामने न आए। उनके अनुसार, इन लोगों का बाहरी दुनिया की नजरों से दूर रहना इस बात का संकेत है कि वे अपने जंगल में सुरक्षित, स्वतंत्र और आत्मनिर्भर हैं।
मानवाधिकार संगठनों ने ब्राजील सरकार से जंगल में अवैध रूप से घुसने वाले लकड़ी माफियाओं, शिकारियों और अन्य अतिक्रमणकारियों को बाहर निकालने की मांग की है। जंगल की रक्षा करने वाले गुआजाजारा समुदाय के कई फॉरेस्ट गार्जियन की पहले ही माफियाओं द्वारा हत्या किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
दुनिया में करीब 196 अलग-थलग आदिवासी समूह
आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण अमेरिका, एशिया और प्रशांत क्षेत्र के 10 देशों में करीब 196 ऐसे आदिवासी समूह हैं, जो बाहरी दुनिया से कटकर रहते हैं। इनमें लगभग 95 प्रतिशत समूह अमेजन के जंगलों में निवास करते हैं। ब्राजील में अकेले ऐसे 124 समूह बताए गए हैं।
अवा जनजाति के लोगों का भोजन की तलाश में जंगल से बाहर निकलना केवल एक घटना नहीं, बल्कि जंगलों के विनाश, अवैध अतिक्रमण और आदिवासी समुदायों के प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव की गंभीर चेतावनी है। यदि समय रहते जंगल और उनके अधिकारों की रक्षा नहीं की गई, तो दुनिया के सबसे दुर्लभ और संवेदनशील समुदायों में शामिल इन जनजातियों के अस्तित्व पर संकट और गहरा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved