
- नवरात्र में सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
जबलपुर। नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की तैयारी तेज कर दी है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने निगम के सभी विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और कमियों को तत्काल दूर कराएं। प्रात: 10:30 बजे आयोजित बैठक में अपर आयुक्त, उपायुक्त और विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद रहे। निगमायुक्त ने मंदिर परिसरों, पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई अभियान चलाने तथा कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ प्रमुख सड़कों और गलियों की स्ट्रीट लाइटें भी सुचारु रखी जाएं। नवरात्र के दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों पर बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बाधित न होने देने पर भी जोर दिया गया। निगमायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और नागरिक सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। बैठक में निगम के आंतरिक प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने स्थापना शाखा के अधिकारियों को अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ग्रेडेशन सूची तैयार करने तथा अन्य लंबित प्रशासनिक प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।