
दिग्गी राजा को दिया कॉलेज के अध्यक्ष पवार ने आश्वासन
इंदौर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री (Former Chief Minister) दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) को डेली कॉलेज (Daly College) मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पवार (Vikram Pawar) ने आश्वासन दिया है कि अब डेली कॉलेज राजनीतिक कार्यक्रमों (political events) के लिए नहीं दिया जाएगा। अभी आरएसएस को जो दिया गया है तो उसे कैंसल नहीं किया जा सकता है।
यह जानकारी खुद दिग्विजय सिंह ने कल शाम को एक चर्चा में दी। उन्होंने कहा कि डेली कालेज में राजनीतिक आयोजन को लेकर वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत को पत्र लिखकर आयोजन स्थल बदलने का आग्रह करने जा रहे हैं। स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के रूबरू कार्यक्रम में कहा कि संघ के विभिन्न कार्यक्रमों व बैठकों के लिए डेली कालेज के उपयोग की अनुमति देना बेहद आपत्तिजनक है। इस संदर्भ में डेली कालेज के चेयरमैन विक्रम पवार से मिलकर मैंने अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है। जिस पर उन्होंने आश्वस्त किया है कि भविष्य में डेली कालेज में किसी राजनैतिक दल को उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि राजनीतिक दलों के सहयोगी संगठनों को भी परिसर दिया जाएगा या नहीं। उन्होंने कहा कि वे भी डेली कालेज के छात्र रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी डेली कालेज से जुड़े हैं। उन्हें भी संघ के इस आयोजन पर आपत्ति लेना चाहिए थी। उन्होंने तंज कसा कि यह आयोजन सिंधिया स्कूल ग्वालियर में क्यों नहीं करवाया गया? मैंने 10 साल मुख्यमंत्री रहते हुए डेली कॉलेज में कभी भी राजनीतिक आयोजन नहीं करवाया। सिंह ने कहा कि डेली कॉलेज में खेलकूद गतिविधियों के लिए हॉकी का एस्टोटर्फ और क्रिकेट के लिये अंतरराष्ट्रीय स्तर का मैदान तैयार किया गया है। संघ यहां एक लाख स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण कर रहा है और फिर कई दिनों तक संघ के देशभर के पदाधिकारी यहां रहेंगे। यह पहली बार हो रहा है, जब डेली कालेज के स्टूडेंट्स को जबरिया अवकाश दिया गया है। होस्टल खाली करवा लिया गया है। सिंह ने डेली कालेज की प्रिंसिपल मेडम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डेली कालेज के साथ वे राजपुरा, पंजाब के एक स्कूल का भी संचालन करती हैं। यह भी नैतिक रूप से आपत्तिजनक है। समय आने पर प्रिंसिपल की कार्यशैली की भी जांच करवाई जाएगी। इन तमाम मुद्दों को लेकर वह डॉ.भागवत को पत्र लिखकर संघ बैठक का आयोजन स्थल बदलने का अनुरोध करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved