
- तीन पत्ती से रानीताल जीटीएस और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट तक निरीक्षण, कर्मियों का बढ़ाया उत्साह
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सोमवार सुबह 7 बजे शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तीन पत्ती से रानीताल जीटीएस क्षेत्र के साथ वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीएंडडी वेस्ट प्लांट की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
इस दौरान कलेक्टर ने विभिन्न संयंत्रों के संचालन पर संतुष्टि जताते हुए नगर निगम की टीम के समन्वय और कार्यों की सराहना की। उन्होंने कचरा गाड़ी चालकों और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के गेट कीपर से हाथ मिलाकर उनके कार्यों की प्रशंसा की और उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी टीम भावना और निरंतरता के साथ काम करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के कार्यों की भी सराहना की। इस दौरान अपर आयुक्त श्री अशफाक परवेज कुरैशी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, तथा सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज एवं अर्जुन यादव सहित निगम के अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।