
जबलपुर। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के भोपाल स्थानांतरण पर नगर निगम परिवार की ओर से भव्य और आत्मीय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए शहर के विकास में उनके योगदान की सराहना की। समारोह में सम्मान, शुभकामनाओं और भावुक पलों के बीच उन्हें विदाई दी गई। कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, अंशुल राघवेंद्र यादव सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे। विदाई समारोह में महापौर और निगम अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने निगमायुक्त को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें शॉल, श्रीफल, अभिनंदन पत्र और मां नर्मदा की प्रतिमा भेंट की गई।
कार्यशैली और टीम भावना की हुई सराहना
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक समन्वय, कार्यों की निगरानी और टीम भावना के साथ शहर के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर उन्होंने निगम की विभिन्न गतिविधियों को गति देने में भूमिका निभाई। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved