img-fluid

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ज्ञानेश कुमार को बचाने में लगे हैं – कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

November 01, 2026


नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress President Mallikarjun Khadge) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह (Prime Minister Narendra Modi and Home Minister Amit Shah) ज्ञानेश कुमार को बचाने में लगे हैं (Are trying to shield Gyanesh Kumar) ।


  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आज एक ऐतिहासिक रैली हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं, महिलाओं और दलितों के वोट छीनने की कोशिश की है। खड़गे ने कहा कि इसी वजह से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक यहां इकट्ठा हुए हैं और वे इस अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं। इस दौरान खड़गे ने साफ कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से नहीं हटेंगे, तब तक वे और उनके साथी यहां से नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे तब तक लड़ते रहेंगे जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती। खड़गे ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को छिपाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे कहीं नहीं छिप पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कभी नहीं डरेगी और हर हाल में अपनी बात रखेगी।

    रामलीला मैदान के मंच से खड़गे ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ज्ञानेश कुमार को बचने नहीं देगा और उन्हें हटाए बिना दम नहीं लेगा। खड़गे ने आरोप लगाया कि यह सरकार चोरी की सरकार है और इसे जल्द से जल्द हटना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान खड़गे ने जोरदार नारा दिया- ‘मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। खड़गे ने आगे कहा कि सिर्फ केंद्र में ही नहीं, बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी चोरी की सरकारें चल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन राज्यों में भी जनता के साथ अन्याय हो रहा है। खड़गे ने साफ किया कि जब तक भाजपा को सत्ता से हटा नहीं दिया जाता, कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी और संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें डराने के लिए ईडी जैसी सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं, लेकिन खरगे ने दावा किया कि वे और कांग्रेस के लोग डरने वाले नहीं हैं, क्योंकि वे सब लड़ना जानते हैं और अन्याय के खिलाफ खड़े रहने का साहस रखते हैं।


    दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडी गठबंधन की मेगा रैली में कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के नेताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर जमकर निशाना साधा। रैली में शामिल नेताओं ने वोट चोरी, मतदाता सूची में अनियमितताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता का मुद्दा उठाया। नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और इंडी गठबंधन के अन्य नेताओं के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग जुटे। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चल रहे संघर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। विपक्ष पिछले करीब दो वर्षों से चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं का मुद्दा लगातार उठा रहा है और अब इस पर देशभर में चर्चा हो रही है।

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को कहा कि ‘इंडिया’ ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए है, न कि किसी राजनीतिक दल के लिए। विपक्षी नेता दिल्ली के रामलीला मैदान में मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के खिलाफ विरोध जताने के लिए इकट्ठा हुए हैं। इस दौरान मीडिया से बातचीत में शशि थरूर ने कहा, “यह पार्टियों की बात नहीं है, यह कांग्रेस की बात नहीं है, यह एक बहुत ही सीधा सा संदेश है कि चुनाव आयोग को भारत के लोगों के संवैधानिक अधिकारों को नहीं छीनना चाहिए। उन्होंने जो किया, वह पूरी तरह से गलत है, आप 130 मिलियन (13 करोड़) मतदाताओं को सूची से नहीं हटा सकते। यह स्वीकार्य नहीं है, हमें एक बिल्कुल साफ-सुथरी मतदाता सूची चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “हम देश के लोगों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की कोशिश कर रहे हैं।” कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “कांग्रेस एक शांतिप्रिय पार्टी है। संविधान हमने ही बनाया है, इसलिए संविधान की रक्षा करना कांग्रेस का कर्तव्य है।”

    कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं। मैदान का आधा हिस्सा भर चुका है और बड़ी संख्या में हरियाणा के लोग रैली में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी है। भाजपा ने जिस तरह लोकतंत्र को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया है, वह सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे गए हैं। इसी वजह से जनता में गुस्सा है और लोग बड़ी संख्या में रैली में पहुंच रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने यह भी आरोप लगाया कि रैली में आने वाले लोगों को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में हरियाणा पुलिस से भी बात की गई है। पुलिस से कहा गया है कि जब रैली की अनुमति दी गई है, तो लोगों के आवागमन में बाधा नहीं डाली जानी चाहिए।

    कांग्रेस नेता हरीश रावत ने रैली को देश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस आयोजन के साथ देश एक नए युग में प्रवेश करेगा। इस रैली के साथ देश में एक नए समय की शुरुआत होगी और एक नया सवेरा आएगा। आज पूरा देश रामलीला मैदान में राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के नेताओं की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक भ्रष्ट व्यवस्था में बदलाव नहीं किया जाता और उसे समाप्त नहीं किया जाता, तब तक देश का कल्याण संभव नहीं है। इसके लिए पूरी व्यवस्था में परिवर्तन लाना आवश्यक है। कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने रैली में उमड़ी भीड़ को जनता के समर्थन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि यहां लाखों लोग क्यों मौजूद हैं और देशभर में करोड़ों लोग इस रैली में हो रही गतिविधियों को देखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और पूरे विपक्ष ने पिछले लगभग दो वर्षों से इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। अब उनके प्रयासों के नतीजे सामने आने लगे हैं। इस मुद्दे पर जनता की बढ़ती दिलचस्पी विपक्ष की आवाज को मजबूती दे रही है।

    हिमाचल प्रदेश के लिए एआईसीसी प्रभारी रजनी पाटिल ने रैली को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इसमें लोगों का उत्साह देखने लायक है। हिमाचल प्रदेश जैसे दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचे हैं। इससे रैली के व्यापक पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, उन पर उसे बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता। इसी वजह से इंडी गठबंधन ने ‘मॉक पार्लियामेंट’ आयोजित करने का फैसला किया। इसका उद्देश्य लोगों को यह समझाना और दिखाना था कि संसद में विपक्ष को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। रजनी पाटिल ने कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। संविधान को बचाना है या नहीं, यह देश के लोगों के हाथ में है। उन्होंने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अंग्रेजों से भारत छोड़ने का आह्वान किया गया था। आज भी उसी तरह का संघर्ष चल रहा है। उन्होंने नारा दिया, “गद्दी छोड़ो, वोट चोरों गद्दी छोड़ो।”

    राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश में ऐसा माहौल देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और इंडी गठबंधन के अन्य नेताओं ने जिस मुद्दे को उठाया है, उसने देशवासियों को गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया है। गहलोत ने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि यदि मतदाताओं के वोटों में बदलाव या कटौती हो जाए और संबंधित व्यक्ति को इसकी जानकारी तक न मिले, तो लोकतंत्र की रक्षा कैसे होगी? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है कि भारत का निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराए। किसी राजनीतिक दल की जीत या हार अलग विषय है, लेकिन आयोग के कामकाज और उसकी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवाल बेहद गंभीर हैं।
    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने इंडी गठबंधन की मेगा रैली को जनता की आवाज करार दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पायलट ने कहा कि आज पूरा देश देखेगा कि इंडी गठबंधन और कांग्रेस को जनता का कितना समर्थन मिल रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि विपक्ष लोकतंत्र और न्याय की लड़ाई को मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगा।

    Share:

  • प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और ज्ञानेश कुमार की नींद हराम हो गई है - कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    Sun Nov 1 , 2026
    नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Congress leader Rahul Gandhi) ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और ज्ञानेश कुमार (Prime Minister Modi, Home Minister Amit Shah and Gyanesh Kumar) की नींद हराम हो गई है (Have lost their Sleep) । राहुल गांधी ने कहा कि हर भारतीय की आवाज हमारे लिए जरूरी […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved