img-fluid

मध्य प्रदेश, कर्नाटक और केरल के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने

November 01, 2026


नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने मध्य प्रदेश, कर्नाटक और केरल के स्थापना दिवस पर (Madhya Pradesh, Karnataka and Kerala on their respective State Foundation Days) प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं (Extended best wishes to the People) ।


  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मध्य प्रदेश अहम भूमिका निभा रहा है। साथ ही, पीएम मोदी ने कामना की कि यह विशेष अवसर राज्य के मेरे परिवारजनों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मध्य प्रदेश के सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारा यह प्रदेश गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि है। यहां के विश्वविख्यात धरोहर स्थल इसकी ऐतिहासिक पहचान को और भव्य बनाते हैं।” उन्होंने आगे लिखा, “मध्य प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर इनोवेशन तक, प्रदेश नित-नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी यह अहम भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि यह विशेष अवसर राज्य के मेरे परिवारजनों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।”

    पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “कन्नड़ राज्योत्सव के हर्षोल्लासपूर्ण अवसर पर कर्नाटक के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं! कर्नाटक समृद्ध परंपराओं, उल्लेखनीय उपलब्धियों और अपार संभावनाओं की भूमि है। यहां की गौरवशाली विरासत और चिरंतन रीति-रिवाजों ने हमारे देश के सांस्कृतिक ताने-बाने को समृद्ध किया है।” प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, “कर्नाटक के लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता और असाधारण कौशल के माध्यम से विशेष रूप से भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और एयरोस्पेस से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग) और स्टार्टअप्स तक, कर्नाटक के लोगों ने बार-बार अपनी दक्षता का परिचय दिया है। वे आज की गंभीर वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने में सबसे आगे हैं।”

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स अन्य एक्स पोस्ट में लिखा, “केरल के मेरे भाइयों और बहनों को ‘केरलप्पिरवि’ की शुभकामनाएं! यह विशेष दिन केरल की जीवंत परंपराओं और असाधारण जज्बे का जश्न मनाता है। प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से संपन्न, इस राज्य ने हमारे देश के इतिहास में हमेशा एक खास जगह बनाई है। केरल की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोग हैं। उनकी लगन और उत्कृष्टता के प्रति उनके समर्पण ने न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी लोगों का दिल जीता है। स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, उद्यमिता, विज्ञान और अन्य कई क्षेत्रों में केरल के लोगों की उपलब्धियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले साल केरल के हर व्यक्ति के लिए नए अवसर, अधिक समृद्धि और निरंतर प्रगति लेकर आएंगे।”

    वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, “कर्नाटक के मेरे भाइयों और बहनों को कन्नड़ राज्योत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा, “अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति के लिए प्रसिद्ध कर्नाटक के लोगों ने कड़ी मेहनत और भारत की वैश्विक पहचान में अपने योगदान के माध्यम से अपनी विरासत को संजोए रखा है। मैं राज्य की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं। कन्नड़ राज्योत्सव पर कर्नाटक के हमारे भाइयों और बहनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और संस्कृति वाले राज्य, कर्नाटक के लोगों ने कड़ी मेहनत और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में अपने योगदान के जरिए अपनी विरासत को कायम रखा है। राज्य की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं।”

    मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “मध्य प्रदेश की गौरवशाली विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं हमारी साझा धरोहर हैं। यहां के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण से राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं कामना करता हूं कि मध्य प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और विकास, समृद्धि व जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में कहा, “‘केरल पिरवी’ के अवसर पर मैं केरल के सभी भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारत की समृद्ध सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत में केरल का एक विशिष्ट स्थान है। यहां के लोगों ने देश की प्रगति और विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। मैं केरल की निरंतर प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।”

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक्स पर पोस्ट किया, “केरलम पिरवी दिवस के अवसर पर मैं राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। ‘ईश्वर का अपना देश’ (गॉड्स ओन कंट्री) के रूप में जाना जाने वाला केरल, अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध परंपराओं और जीवंत सांस्कृतिक विरासत से संपन्न है। केरल के लोगों ने हमारे राष्ट्र की प्रगति और विकास में बहुमूल्य योगदान दिया है। यह अद्भुत राज्य प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुए।” जेपी नड्डा ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “कन्नड़ राज्योत्सव पर कर्नाटक के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं! कर्नाटक की विविध परंपराएं, गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक समृद्धि हमारे देश के लिए गर्व का विषय हैं। यहां के लोगों का स्नेह और उत्साह इसे सचमुच विशेष बनाता है। राज्य के लोग सफलता और समृद्धि के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहें।”

    Share:

  • सिख दंगा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं राहुल गांधी और कांग्रेस - केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

    Sun Nov 1 , 2026
    चंडीगढ़ । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस (Rahul Gandhi and the Congress) सिख दंगा पीड़ितों के जख्मों पर (On the wounds of victims of the Anti-Sikh Riots) नमक छिड़क रहे हैं (Are rubbing Salt) । अमित शाह ने 1984 के सिख विरोधी दंगों […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved