
जबलपुर। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर संस्कारधानी जबलपुर में मित्र संघ परिवार एवं नगर निगम के सहयोग से विशाल निबंध प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। एमएलबी ग्राउंड में हुए इस आयोजन में करीब 8500 स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि समारोह में लगभग 10 हजार लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शहर के विकास, स्वच्छता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल जैसे विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी देश का भविष्य है।
आदित्य और रिया ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के दो वर्गों में विजेताओं को नगद पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। दोनों वर्गों के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मित्र संघ की ओर से 11 हजार और महापौर की ओर से 15 हजार रुपये, यानी कुल 26 हजार रुपये प्रदान किए गए। ग्रुप ए में प्रथम स्थान आदित्य मिश्रा (जॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विजय नगर), द्वितीय भावना पटेल (सत्य प्रकाश पब्लिक स्कूल) और तृतीय जयवर्धन खुरासिया (सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, रांझी) ने प्राप्त किया। वहीं ग्रुप बी में रिया सिंह (सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल) प्रथम, अंजलि जैन (विड्स स्कूल, नीमखेड़ा) द्वितीय और चंचल जैन (प्रतिभा स्थली स्कूल) तृतीय स्थान पर रहीं। महापौर की ओर से सभी प्रतिभागियों को उपहार स्वरूप कार्डबोर्ड भी दिए गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved