
कोलकाता: कोलकाता में काली पूजा के दिन गरिया इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. दक्षिण 24 परगना के फरताबाद इलाके में शनिवार रात एक फ्लैट के अंदर 25 साल के युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सार्थक सरकार के रूप में हुई है, जो बारासात का रहने वाला था. इस मामले में पुलिस ने उसकी कथित लिव-इन पार्टनर संचलिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, सार्थक सरकार और संचलिका बसु फरताबाद इलाके में किराये के फ्लैट में साथ रहते थे. दोनों के बीच लिव-इन रिलेशनशिप होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद संचलिका ने धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर वार कर दिया.
खून से लथपथ मिला युवक
फ्लैट से झगड़े और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने सार्थक को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा. स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
मां की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संचलिका बसु के साथ उसकी मां मौमिता बसु को भी गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या की वारदात में युवती की मां की भी भूमिका हो सकती है. हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है. जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि सार्थक और संचलिका के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था. साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार और वारदात के समय फ्लैट में मौजूद लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. काली पूजा के दौरान हुई इस घटना से फरताबाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved