img-fluid

दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट पर प्रशासन का शिकंजा, ‘पटियाला पैग’ समेत चार गानों पर रोक

November 07, 2026

इंदौर। इंदौर (Indore) में दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के कॉन्सर्ट को लेकर विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। धमकी भरे ईमेल और सियासी बयानबाजी के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर भी कॉन्सर्ट की तैयारियों को लेकर सख्ती दिखाई दे रही है। जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी की ओर से C21 मॉल प्रबंधन को पत्र जारी किया गया है। इसमें दिलजीत के लाइव शो के दौरान कुछ खास गाने नहीं गाने, बच्चों को स्टेज पर नहीं बुलाने और सीने पर नकली कारतूसों वाली बेल्ट पहनकर प्रस्तुति नहीं देने को सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। यह पत्र 6 नवंबर 2026 को जारी किया गया है। इसमें 15 नवंबर को ग्राउंड में होने वाले कॉन्सर्ट का हवाला देते हुए बच्चों की सुरक्षा और उन पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर आपत्ति जताई गई है।

‘पटियाला पैग’ समेत चार गानों पर आपत्ति
जिला बाल संरक्षण अधिकारी के पत्र में दिलजीत दोसांझ के चार गानों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। इनमें ‘Patiala Pegg’, ‘5 Taara Theeke’, ‘Jeeb Vicho Labbya’ और ‘Jatt Uthe Fire Karda Jithe Pabandi Hathiyara Di’ शामिल हैं। पत्र में कहा गया है कि इन गानों में शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देने वाले संदर्भ हैं। यहां तक कि गानों के बोल बदलकर या ट्विस्ट करके भी इन्हें गाने की अनुमति नहीं देने की मांग की गई है। इसके पीछे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला दिया गया है। पत्र के मुताबिक, हाईकोर्ट ने बच्चों पर शराब, नशे और हिंसा का महिमामंडन करने वाले गीतों के प्रभाव को लेकर निर्देश दिए थे।


  • पांच साल के बच्चों को भी एंट्री, फिर स्टेज पर बुलाने पर आपत्ति क्यों?
    पत्र में दिलजीत के कॉन्सर्ट की शर्तों का हवाला देते हुए बताया गया है कि पांच साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों को कार्यक्रम में प्रवेश की अनुमति है। इसी आधार पर बच्चों को स्टेज पर बुलाने को लेकर आपत्ति जताई गई है। पत्र में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के ध्वनि स्तर संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि तेज आवाज बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसमें दावा किया गया है कि लाइव शो के दौरान आवाज 120 डेसीबल से अधिक हो सकती है। इसके अलावा स्टेज पर इस्तेमाल होने वाली फ्लैशिंग लाइट्स, बीम और स्पेशल इफेक्ट्स को लेकर भी चिंता जताई गई है। पत्र में कहा गया है कि तेजी से चमकने वाली लाइट्स बच्चों में दौरे पड़ने का कारण बन सकती हैं। इसी आधार पर बच्चों को स्टेज पर नहीं बुलाने की बात कही गई है।

    सीने पर नकली कारतूसों वाली बेल्ट पहनने से रोकने की मांग
    इस पत्र का सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाला हिस्सा दिलजीत के स्टेज लुक को लेकर है। इसमें उनके सीने पर क्रॉस के आकार में पहनी जाने वाली दो सिल्वर बुलेट बेल्ट या नकली धातु के कारतूसों को लेकर आपत्ति जताई गई है। पत्र में इसे बंदूक के इशारे और हिंसक प्रतीक के रूप में बताया गया है। आशंका जताई गई है कि इस तरह का पहनावा दर्शकों के व्यवहार पर असर डाल सकता है और हिंसक प्रवृत्ति को बढ़ावा दे सकता है। इसी आधार पर C21 मॉल प्रबंधन से कहा गया है कि 15 नवंबर के लाइव शो के दौरान दिलजीत दोसांझ ऐसी बुलेट बेल्ट या नकली कारतूसों के साथ प्रस्तुति न दें।

    चंडीगढ़ से भेजी गई शिकायत के बाद इंदौर में पहुंचा मामला
    दस्तावेजों के मुताबिक, चंडीगढ़ निवासी डॉ. पंडितराव धरेनवर ने 1 नवंबर 2026 को इस संबंध में जिला बाल संरक्षण अधिकारी को पत्र लिखा था। उन्होंने दिलजीत के कॉन्सर्ट में कुछ गानों, बच्चों को स्टेज पर बुलाने और बुलेट बेल्ट पहनने पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने 6 नवंबर को C21 मॉल के मैनेजर को पत्र जारी किया। इसकी प्रतिलिपि इंदौर कलेक्टर, संबंधित राजस्व अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और थाना विजय नगर प्रभारी को भी भेजी गई है।

    धमकी, राजनीति और अब गानों पर पाबंदी की मांग
    दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट पहले ही धमकी भरे ईमेल और राजनीतिक बयानबाजी के कारण चर्चा में है। अब प्रशासनिक पत्र सामने आने के बाद कार्यक्रम को लेकर एक और बहस शुरू हो गई है। एक तरफ कलाकार के कार्यक्रम और दर्शकों की सुरक्षा का सवाल है, तो दूसरी तरफ बच्चों की मौजूदगी, गानों के बोल, तेज आवाज और स्टेज पर इस्तेमाल होने वाले प्रतीकों को लेकर आपत्तियां उठाई गई हैं।

    अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या C21 मॉल प्रबंधन इन निर्देशों के पालन के लिए आयोजकों को औपचारिक रूप से सूचित करेगा? क्या दिलजीत के शो की प्रस्तुति में गानों और पहनावे को लेकर बदलाव होंगे? और क्या पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को प्रवेश देने के बावजूद उन्हें स्टेज से दूर रखा जाएगा? 15 नवंबर को होने वाले इस कॉन्सर्ट से पहले इंदौर में दिलजीत के गानों से ज्यादा अब उन पर लगाई जा रही पाबंदियों की चर्चा हो रही है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved