नई दिल्ली। दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ (An Eid of Happiness) बताने संबंधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) के बयान पर भाजपा (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा ने खरगे को सनातन विरोधी बताते हुए कांग्रेस पर हिंदू त्योहारों के बहाने तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
दरअसल, दिवाली के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए खरगे ने दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताया था। उनके इस बयान पर भाजपा ने आपत्ति जताई। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर खरगे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बता रहे हैं। दिवाली जैसे त्योहार पर भी कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति से बाज नहीं आ रही है। भंडारी ने अपने पोस्ट में सोनिया गांधी के पुराने बयान का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को सनातन विरोधी करार दिया।
भाजपा ने इस विवाद में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के उस इंटरव्यू को भी जोड़ दिया, जो उन्होंने ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ को अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के प्रकाशन से पहले दिया था। इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की घटना का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि टीवी पर घटना देखने के बाद वह रो पड़ी थीं।
सोनिया गांधी ने कहा था कि इस घटना से उन्हें एहसास हुआ कि भारत की धर्मनिरपेक्ष नींव को बचाने के लिए लंबा संघर्ष करना होगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि कांग्रेस कई मामलों में लापरवाह रही, जिससे भाजपा और उसकी हिंदुत्व की राजनीति को मजबूती मिली। सोनिया गांधी के इन बयानों पर उस समय भी राजनीतिक विवाद हुआ था। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर बाबरी मस्जिद के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved