
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) की नगरपालिका कार्य और शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल (Minister Agnimitra Paul) ने कोलकाता (Kolkata) में पॉल्यूशन खत्म करने का अनूठा प्लान लेकर आई हैं। उन्होंने कहा कि शहर में विशेष अवसरों पर वायु प्रदूषण (Air Pollution) को नियंत्रित करने के लिए छिड़काव में इस्तेमाल होने वाले पानी में गुलाब जल मिलाया जाएगा। हालांकि मंत्री की इस घोषणा की पर्यावरणविद् सोमेंद्र मोहन घोष ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि शहर की आबोहवा को ठीक करने के लिए दिखावटी उपायों के बजाय, उसके मूल कारणों का समाधान किया जाना चाहिए।
मंत्री पॉल ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि कोलकाता नगर निगम (केएमसी) शहर के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से पानी की फुहार छोड़ी जा रही है। यह विशेष रूप से उन इलाकों में हो रहा है, एक्यूआई अपेक्षाकृत अधिक है। उन्होंने बताया कि कोलकाता में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और शहर के पर्यावरण को अधिक स्वच्छ बनाने के लिए, राज्य सरकार के निर्देश पर पानी की फुहार छोड़ी जा रही है। पॉल ने बांग्ला भाषा में लिखे फेसबुक पोस्ट में कहा कि यह पहल हवा में धूल के कणों की मात्रा को कम करने और एक्यूआई स्तर को कुछ हद तक नियंत्रण में रखने में मदद कर रही है।
मंत्री ने कहा कि इन उपायों के साथ-साथ, काली पूजा सहित विभिन्न त्योहारों और खास मौकों पर फुहार छोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी में गुलाब जल मिलाया जाएगा। पॉल ने शनिवार की पोस्ट में कहा कि इससे न केवल हवा में मौजूद धूल के कणों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, बल्कि आसपास के वातावरण में गुलाब जल की भीनी-भीनी खुशबू भी फैल जाएगी। उन्होंने आगे लिखा कि हमारा लक्ष्य एक अधिक स्वच्छ, ताज़ा और सुगंधित कोलकाता बनाना है। हम शहर को रहने के लिए और बेहतर बनाने की अपनी कोशिशें जारी रखेंगे।
दिखावटी उपाय से नहीं बनेगा काम
वहीं, पर्यावरणविद घोष ने पॉल की घोषणा पर सवाल उठाते हुए रविवार को कहा कि वायु प्रदूषण को रोकने के लिए शहर को दिखावटी उपायों के बजाय ठोस कदमों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गुलाब जल का छिड़काव करने से हवा में कुछ देर के लिए खुशबू फैल सकती है, लेकिन इससे प्रदूषण की असली समस्या हल नहीं होगी। गुलाब जल कोलकाता की हवा को ठीक नहीं कर सकता, लेकिन ठोस कदम उठाने से ऐसा जरूर हो सकता है। मंत्री जी का सम्मान करते हुए कहना चाहूंगा कि यह खुशबू दो मिनट में ही गायब हो जाएगी। कोलकाता की हवा को इत्र की नहीं, बल्कि इसके स्रोत (जहां से प्रदूषण पैदा होता है) पर काम करने की जरूरत है।
पुराने वाहनों पर लगे लगाम
घोष ने कहा कि पुराने हो रहे डीजल और पेट्रोल वाहन पीएम2.5, पीएम10 और काले कार्बन उत्सर्जन के मुख्य स्रोतों में से हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि हवा को साफ रखने के लिए अधिकारी सड़क किनारे मौजूद भोजनालयों और खाने-पीने के स्टॉलों पर कोयले से चलने वाले चूल्हों के इस्तेमाल को रोकें। साथ ही छोटे दुकानदारों को आर्थिक और अन्य तरह की मदद देकर, उन्हें स्वच्छ एलपीजी ईंधन या बिजली चालित चूल्हें के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करें। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, काली पूजा और दिवाली से पहले रविवार अपराह्न कोलकाता का औसत एक्यूआई 165 (पीएम 2.5) दर्ज किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved