
डेस्क: घरेलू अपलायंसेस बनाने वाली कंपनी ‘व्हर्लपूल ऑफ इंडिया लिमिटेड’ ने जानकारी देते हुए कहा कि वह अपने सभी प्रोडक्ट्स की कीमतों में 5% की बढ़ोतरी कर रही है. यह बदलाव 1 नवंबर, 2026 से लागू होगा. कंपनी ने इसके पीछे बढ़ती कॉस्ट, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, कमोडिटी (कच्चे माल) की महंगाई और करेंसी की वैल्यू में गिरावट को कारण बताया है. जियो पॉलिटिकल अस्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और करेंसी की वैल्यू में गिरावट के कारण कमोडिटी की महंगाई बढ़ी, जिसका असर व्हर्लपूल ऑफ इंडिया के मुनाफे पर पड़ा. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर कंपनी की ओर से क्या अपडेट किया गया है.
कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि इसके अलावा, रेफ्रिजरेटर और एयर कंडीशनर कैटेगरी में न्यू एनर्जी रेगुलेशंस के कारण कॉस्ट बढ़ी है. साथ ही, ‘लक्जरीम’ (Luxuriem) रेंज को लॉन्च करने में किए गए निवेश का भी मार्जिन पर असर पड़ा है. रणनीतिक रूप से कीमतें बढ़ाकर और कंपनी के भीतर कॉस्ट कम करने व प्रोडक्टीविटी बढ़ाने के ठोस कदम उठाकर, लागत के दबाव को कुछ हद तक कम किया गया. दिवाली के पीक सीजन से पहले कंपनी ने कीमतों में बढ़ोतरी की है, ताकि महंगाई के लगातार दबाव के बीच अपने मार्जिन को सुरक्षित रखा जा सके.
इससे पहले अक्टूबर में, कई कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और अपलायंसेस बनाने वाली कंपनियों ने एयर कंडीशनर, LED TV, वॉशिंग मशीन और अन्य उत्पादों की कीमतों में 5-8% की बढ़ोतरी की थी. ऐसा इसलिए करना पड़ा क्योंकि तांबा, स्टील, एल्युमिनियम और कच्चे तेल से बने उत्पादों की लागत बढ़ गई थी, साथ ही करेंसी में उतार-चढ़ाव और माल ढुलाई (freight) के बढ़ते खर्चों ने मार्जिन को कम कर दिया था.
गुरुग्राम स्थित ‘व्हर्लपूल ऑफ इंडिया’ का ऑपरेशंस से कुल रेवेन्यू 1,873 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 14 फीसदी अधिक है. इसमें इंडस्ट्री की वॉल्यूम ग्रोथ, रणनीतिक रूप से कीमतों में बदलाव और अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में लगातार प्रीमियम प्रोडक्ट्स को शामिल करने (premiumisation) का बड़ा योगदान रहा. इस तिमाही के लिए कंपनी का कुल EBITDA 40 करोड़ रुपए और टैक्स से पहले का मुनाफा (PBT) 34 करोड़ रुपए रहा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved