
झांसी। यूपी में झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारियों का ही यदि व्यवहार सवालों के घेरे में आ जाए तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर एक महिला TTE और यात्री के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे महकमे में हलचल मच गई। वीडियो में महिला TTE यात्री को ‘अंगूठाछाप’ कहती और उसकी शक्ल से नफरत होने जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी करती सुनाई दे रही हैं। मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो रेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित महिला TTE को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच बैठा दी।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के रहने वाले श्रवण कुमार अपने दो साथियों के साथ 6 नवंबर को आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) में सवार हुए थे। तीनों के पास रेलवे काउंटर से लिया गया टिकट था। चार्ट बनने के बाद दो यात्रियों को S-2 कोच में सीट नंबर 39 और तीसरे को सीट नंबर 47 पर RAC आवंटित हुई थी। 8 नवंबर को ट्रेन झांसी पहुंची तो महिला TTE ने यात्रियों से टिकट दिखाने को कहा। श्रवण का कहना है कि टिकट उनके बैग में रखा था। सामान के बीच से टिकट निकालने में कुछ समय लग गया। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि महिला TTE उन्हें अपने कार्यालय में ले गईं। यात्री के मुताबिक, उन्होंने रेलवे सिस्टम में उपलब्ध जानकारी से टिकट का सत्यापन करने की बात भी कही, लेकिन विवाद नहीं थमा। बाद में बैग से टिकट मिल गया, फिर भी कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला TTE यात्री को स्टेशन से चले जाने की बात कहती सुनाई दे रही हैं। यात्री जब लखनऊ जाने और ऑनलाइन टिकट बुक होने की बात कहता है तो महिला TTE उसे ‘अंगूठाछाप’ कहती हैं। वीडियो में वह यह भी कहती सुनाई देती हैं कि उन्हें यात्री की शक्ल से नफरत हो रही है और व्यस्त नहीं होतीं तो उसे दिखा देतीं कि वह क्या हैं।
श्रवण कुमार ने वीडियो एक्स पर साझा कर रेलवे अधिकारियों से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार, यात्रियों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार रेलवे की प्राथमिकता है। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित महिला TTE को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि टिकट चेकिंग स्टाफ और यात्रियों के संपर्क में रहने वाले अन्य कर्मचारियों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा ना हो।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved