img-fluid

महाभारत के 307 साल पुराने दस्तावेज को UNESCO के रजिस्टर में मिली जगह, ताड़ के पत्तों पर दर्ज है कर्ण-अर्जुन युद्ध का प्रसंग

November 12, 2026

कोलकाता। महाभारत के कर्ण और अर्जुन (Karna and Arjuna) के बीच हुए निर्णायक युद्ध से जुड़ी 307 साल पुरानी दुर्लभ पांडुलिपि को यूनेस्को (UNESCO) ने अपने ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड एशिया-पैसिफिक रीजनल रजिस्टर’ (MOWCAP) में शामिल किया है। पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन स्थित विश्वभारती विश्वविद्यालय में संरक्षित इस पांडुलिपि में महाभारत के 18 पर्वों में से एक कर्ण पर्व का अंश दर्ज है। खास बात यह है कि यह पांडुलिपि कागज पर नहीं, बल्कि ताड़ के पत्तों पर लिखी गई है।

विश्वभारती विश्वविद्यालय के ‘लिपिका’ पांडुलिपि संग्रह में रखे इस दुर्लभ दस्तावेज में कुल 221 ताड़पत्र हैं। इसे हरिचरण शर्मा ने लिपिबद्ध किया था। इसमें महाभारत युद्ध के उस महत्वपूर्ण प्रसंग का वर्णन है, जब कर्ण कौरव सेना के सेनापति बने थे और उनका अर्जुन के साथ निर्णायक युद्ध हुआ था।

यूनेस्को के ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड एशिया-पैसिफिक रीजनल रजिस्टर’ में शामिल होने के बाद इस पांडुलिपि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इस रजिस्टर में एशिया और प्रशांत क्षेत्र की ऐसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक धरोहरों को स्थान दिया जाता है, जिनका संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण है।

महाभारत को परंपरागत रूप से महर्षि वेदव्यास की रचना माना जाता है। इसके 18 पर्वों में कर्ण पर्व का विशेष महत्व है। इसमें युद्ध के उस दौर का वर्णन है, जब कर्ण को कौरव सेना की कमान सौंपी जाती है। कर्ण और अर्जुन के बीच लंबे समय से चला आ रहा संघर्ष इसी चरण में निर्णायक मोड़ पर पहुंचता है। दोनों के बीच हुआ युद्ध महाभारत के सबसे चर्चित प्रसंगों में शामिल है।

शांतिनिकेतन स्थित विश्वभारती विश्वविद्यालय की स्थापना रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी। यहां साहित्य, कला और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी अनेक दुर्लभ पांडुलिपियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों का संग्रह है। लिपिका संग्रह में महाभारत के अन्य अंशों के साथ संस्कृत, बांग्ला और चार अन्य भाषाओं में लिखी गई रचनाएं भी संरक्षित हैं।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता के अनुसार, यूनेस्को के क्षेत्रीय रजिस्टर में पांडुलिपि को शामिल किए जाने से विश्वभारती के दुर्लभ दस्तावेजों की ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित होगा। इससे इन ऐतिहासिक धरोहरों पर शोध करने वाले विद्वानों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

दरअसल, यूनेस्को ने दुनिया के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेजों और अभिलेखों के संरक्षण तथा उन्हें पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत क्षेत्रीय स्तर पर भी रजिस्टर तैयार किए जाते हैं, ताकि महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और उनके महत्व को व्यापक स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया जा सके।

डिजिटल रूप में भी संरक्षित होंगी दुर्लभ पांडुलिपियां

पुरानी पांडुलिपियों के संरक्षण में सबसे बड़ी चुनौती समय के साथ उनका क्षतिग्रस्त होना है। विशेषकर ताड़पत्रों पर लिखे दस्तावेज नमी, तापमान और उचित रखरखाव के अभाव में नष्ट हो सकते हैं। इसे देखते हुए विश्वभारती विश्वविद्यालय ने लिपिका संग्रह में मौजूद हजारों दुर्लभ पांडुलिपियों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने की पहल की है।

यह कार्य केंद्र सरकार के ‘ज्ञान भारतम मिशन’ के तहत किया जा रहा है। इसके लिए एशियाटिक सोसाइटी की विशेषज्ञ टीम की सहायता ली जा रही है। मिशन का उद्देश्य देशभर में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों की पहचान करना, उनका दस्तावेजीकरण करना, संरक्षण करना और उन्हें डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है। इससे शोधकर्ताओं को इन दुर्लभ दस्तावेजों तक पहुंचने में आसानी होगी और मूल पांडुलिपियों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में भी उनकी डिजिटल प्रतियां सुरक्षित रहेंगी।

विश्वभारती के प्रवक्ता के मुताबिक, विश्वविद्यालय के संग्रह में मौजूद कुछ अन्य रचनाओं को भी पहले यूनेस्को की पहचान मिल चुकी है। इनमें नाट्यशास्त्र से संबंधित रचनाएं भी शामिल हैं।

Share:

  • सोनिया गांधी के दावे पर अन्ना हजारे का पलटवार, बोले- देश के बारे में सोचिए, संकीर्ण नजरिया मत रखिए

    Thu Nov 12 , 2026
    मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की किताब में अन्ना हजारे (Anna Hazare) के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को लेकर किए गए दावों पर अब सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोनिया गांधी के दावों को गलत बताते हुए कहा कि उनका न तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) से कोई […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved